उन्नाव में साधु की धारदार हथियार से हत्या

उन्नाव, 09 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में उन्नाव जिले के बांगरमऊ थाना क्षेत्र के अंतर्गत नगर कस्बे के घूरे टोला मोहल्ले में मंगलवार को एक साधु की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की सूचना पर भारी संख्या में क्षेत्रीय लोग एकत्र हो गये। पुलिस काफी देर तक लोगों को समझाते बुझाते रहे।

अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) अखिलेश प्रताप सिंह ने बताया कि घूरे टोला निवासी बाबा रामदास उर्फ मिलन सिंह (65) पिछले लगभग पांच महीनों से अपनी जमीन पर मंदिर निर्माण का कार्य करा रहे थे और वहीं रहकर पूजा-अर्चना करते थे। मंगलवार को अज्ञात हमलावर ने उन पर अचानक धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपित मौके से फरार हो गया।सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दीँ। मृतक के परिजनों ने एक अज्ञात युवक पर चाकू से हत्या किए जाने का आरोप लगाया है। बाबा रामदास पांच भाइयों में सबसे छोटे थे। एएसपी ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है और आरोपिताें की तलाश में जुटी हुई है।

---------------

   

सम्बंधित खबर