सरकारी मदद ने बदली तकदीर, सऊदी जाने का सपना छोड़ महफूज बने सफल उद्यमी
- DSS Admin
- Jun 07, 2026
- 5 लाख के ब्याजमुक्त ऋण से खोला आधुनिक सैलून, खुद कमाई के साथ तीन युवाओं को भी दिया रोजगार
मीरजापुर, 07 जून (हि.स.)। कभी रोजगार की तलाश में सऊदी अरब जाने की तैयारी कर रहे महफूज अंसारी आज अपने जिले में ही सफल उद्यमी बन गए हैं। उत्तर प्रदेश सरकार की मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान (सीएम-युवा) योजना ने उनकी जिंदगी की दिशा बदल दी। आज वह आधुनिक हेयर सैलून का संचालन कर न सिर्फ खुद अच्छी कमाई कर रहे हैं, बल्कि तीन अन्य युवाओं को भी रोजगार दे रहे हैं।
सदर तहसील क्षेत्र के खजुरी गांव निवासी महफूज अंसारी ने स्नातक तक शिक्षा प्राप्त करने के बाद रोजगार की तलाश शुरू की। गांव के कई लोग सऊदी अरब में हेयर ड्रेसिंग का काम कर अच्छी आय अर्जित कर रहे थे, इसलिए उन्होंने भी विदेश जाने का मन बनाया। इसी दौरान उन्हें प्रदेश सरकार की सीएम-युवा योजना की जानकारी मिली।
महफूज ने जिला उद्योग प्रोत्साहन एवं उद्यमिता विकास केंद्र में आवेदन किया और योजना के तहत उन्हें पांच लाख रुपये का ब्याजमुक्त ऋण स्वीकृत हुआ। इसके बाद उन्होंने शहर के पक्का पोखरा क्षेत्र में एक आधुनिक सैलून स्थापित किया। वाराणसी से आधुनिक उपकरण और सैलून चेयर मंगाकर उन्होंने अपने व्यवसाय को नया स्वरूप दिया।
आज उनका सैलून ग्राहकों की पहली पसंद बन चुका है। महफूज बताते हैं कि सभी खर्च निकालने के बाद उन्हें हर माह करीब 30 हजार रुपये की शुद्ध आय हो रही है। इतना ही नहीं, उन्होंने अपनी दुकान में तीन युवाओं को भी रोजगार दिया है, जो प्रतिमाह 15 हजार रुपये तक कमा रहे हैं।
महफूज कहते हैं कि सरकार की इस योजना ने उन्हें विदेश जाने के बजाय अपने जिले में ही पहचान और सम्मान दिलाया है। अब उनका सपना जिले के अन्य क्षेत्रों में भी सैलून की शाखाएं खोलने का है।
2867 युवाओं को मिला आत्मनिर्भर बनने का मौका
जिला उद्योग प्रोत्साहन एवं उद्यमिता विकास केंद्र (डीआईसी) के उपायुक्त संदीप कुमार के अनुसार, सीएम-युवा योजना के तहत युवाओं को बिना गारंटी और पूरी तरह ब्याजमुक्त ऋण उपलब्ध कराया जाता है। अब तक जनपद के 2867 युवाओं को लगभग 11.98 करोड़ रुपये का ऋण देकर स्वरोजगार से जोड़ा जा चुका है। इनमें 2007 पुरुष और 860 महिला लाभार्थी शामिल हैं। योजना युवाओं को नौकरी तलाशने वाला नहीं, बल्कि नौकरी देने वाला बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

