कुशीनगर डबल मर्डर, घर की कोठरी में मिलीं दो बहनों की लाशें, दो भाई हिरासत में
- DSS Admin
- Jun 09, 2026
लखनऊ, 09 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में कुशीनगर जिले के सेवरही थाना क्षेत्र के पिपराघाट एहतमाली देवनरायन टोला में दो सगी बहनों की हत्या का सनसनीखेज मामला मंगलवार को सामने आया है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में पारिवारिक विवाद के चलते दोनों बहनों की पीट-पीटकर हत्या किए जाने की बात सामने आई है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
घर की कोठरी में मिले दोनों बहनों के शव
पुलिस ने बताया कि सोमवार को एक घर की कोठरी में लाली निषाद (20) और शीला निषाद (18) के शव मिले। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दिया। शुरुआती पूछताछ में पता चला कि दोनों बहनों का गांव के ही दो युवकों से पहले से संबंध था। इस मामले में उनके पिता रामप्रसाद निषाद द्वारा अलग-अलग समय पर तीन मुकदमे भी दर्ज कराए गए थे। उन मामलों में पुलिस ने दोनों युवतियों को बरामद किया था, लेकिन इसके बाद भी वे संबंधित युवकों के संपर्क में बनी हुई थीं।
मोबाइल छीनने के बाद बढ़ा था पारिवारिक तनाव
जांच में यह भी सामने आया कि करीब 15 दिन पहले पिता ने दोनों बहनों के मोबाइल फोन छीन लिए थे, जो कथित तौर पर युवकों द्वारा दिए गए थे। इसके बाद परिवार में लगातार तनाव और विवाद की स्थिति बनी हुई थी। पुलिस का कहना है कि इसी घरेलू कलह के दौरान परिवार के सदस्यों ने गुस्से में आकर दोनों बहनों की डंडे से पिटाई कर दी, जिससे उनकी मौत हो गई।पुलिस ने मामले में तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। मृतक बहनों के भाइयों सूरज और नितीश को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और वैज्ञानिक साक्ष्य भी जुटाए जा रहे हैं।
सभी पहलुओं की हो रही जांच, अपर पुलिस अधीक्षक
अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ वर्मा ने मंगलवार को बताया कि मामले में सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। वही मृतक बहनों के दोनों भाइयों को हिरासत में ले लिया गया है। मुख्य आरोपित पिता की तलाश की जा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल गांव में शांति व्यवस्था कायम है और पुलिस की निगरानी जारी है।
---------------

