बांका से हत्या कर कुंए में फेंका था तांत्रिक का शव, आरोपित गिरफ्तार

-26 मई को कुएं में मिला था झाड़फूंक करने वाले का शव -घर में आ रही परेशानियों के लिए तांत्रिक को मानता था जिम्मेदार

महोबा, 09 जून (हि.स.)। बुंदेलखंड के महोबा जनपद पुलिस ने मंगलवार को एक सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा किया है। आरोपित ने अंधविश्वास और भय के कारण गांव के ही झाड़फूंक करने वाले वृद्ध तांत्रिक की बांका से हत्या कर शव को कुएं में फेंक दिया था। पुलिस ने आरोपित को पकड़कर जेल भेज दिया है।

महोबा के पुलिस अधीक्षक( एसपी ) शशांक सिंह ने मंगलवार काे बताया कि जनपद के श्रीनगर कस्बा के मुहाल भैरोगंज में 26 मई को दुर्जन साहू के कुएँ से रामप्रसाद पुत्र बगिया प्रजापति (60) का शव बरामद हुआ था। मृतक की पत्नी ने धारदार हथियार से हत्या कर शव को साक्ष्य छिपाने की नीयत से कुएँ में फेंके जाने की आशंका व्यक्त की गई थी। तहरीर के आधार पर थाना श्रीनगर में अभियोग पंजीकृत कर घटना के खुलासा के लिए एसओजी, सर्विलांस एवं थाना पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई। एसपी ने बताया कि कस्बा के भैरोगंज निवासी अभियुक्त लखन साहू पुत्र राधाचरण (35) को बिलरही तिराहा से गिरफ्तार कर लिया गया। अभियुक्त की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त बांका भी थाना क्षेत्र में स्थित दाऊपुरा तालाब से बरामद किया गया। एसपी ने ब्लाइंड हत्याकांड के खुलासा करने वाली पुलिस टीम को दस हजार रुपये पुरस्कार देने की घोषणा की है।

अंधविश्वास और भ्रम में हुआ वशीभूत

एसपी ने बताया कि अभियुक्त ने पूछताछ में बताया कि मृतक रामप्रसाद झाड़-फूंक का कार्य करता था, जिसके कारण अभियुक्त के भाई की लगभग डेढ़ वर्ष पूर्व मृत्यु हो गई थी। आरोपित भाई की मृत्यु सहित अपने जीवन की अन्य परेशानियों के लिए भी रामप्रसाद को जिम्मेदार मानता था। अंधविश्वास और भ्रम के वशीभूत होकर उसने यह विश्वास कर लिया था कि यदि वह रामप्रसाद की हत्या नहीं करेगा तो स्वयं उसकी मृत्यु हो जाएगी। इसी मानसिकता के चलते उसने बाजार से बांका खरीदकर रामप्रसाद की हत्या कर दी और शव को कुएँ में फेंक दिया।

---------------

   

सम्बंधित खबर