पुलिस भर्ती परीक्षा: जौनपुर जिले में दूसरी पाली में 2,420 अभ्यर्थी अनुपस्थित
- DSS Admin
- Jun 09, 2026
जौनपुर,09 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश पुलिस में आरक्षी नागरिक एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 की लिखित परीक्षा जनपद में शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न हुई।
मंगलवार को परीक्षा के दूसरे दिन दूसरी पाली में कुल 9,480 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 7,060 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी, जबकि 2,420 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।
भर्ती परीक्षा 8 से 10 जून तक आयोजित की जा रही है। प्रतिदिन दो पालियों में परीक्षा संपन्न हो रही है। पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा दूसरी पाली दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक निर्धारित है। जिले में परीक्षा के लिए कुल 21 केंद्र बनाए गए हैं, जहां छह पालियों में कुल 56,880 अभ्यर्थी शामिल होंगे।
परीक्षा को निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन की ओर से व्यापक सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था की गई है। इसके लिए 21 केंद्र व्यवस्थापक, 21 सेक्टर मजिस्ट्रेट और 21 स्टैटिक मजिस्ट्रेट सहित लगभग 1,200 कार्मिकों की तैनाती की गई है।
अधिकारियों के अनुसार सभी परीक्षा केंद्रों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की सघन जांच के बाद ही प्रवेश दिया जा रहा है। मंगलवार को आयोजित दोनों पालियां शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुईं और कहीं से किसी प्रकार की अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली। प्रशासन ने अभ्यर्थियों से निर्धारित समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचने तथा परीक्षा संबंधी सभी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।---------

