फूलपुर में तेज रफ्तार वाहन ने बाइक में मारी टक्कर,पिता—पुत्री की मौत,एक अन्य घायल
- DSS Admin
- Jun 09, 2026
पिता बेटी को उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा दिलाने जौनपुर जा रहे थे
वाराणसी, 09 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में वाराणसी जिले के फूलपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में पिता-पुत्री की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा वाराणसी-जौनपुर बाईपास मार्ग पर बेलवा नागापुर के समीप हुआ, जहां तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने आगे चल रही बाइक को टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर लगने के बाद बाइक सवार सड़क पर गिर पड़े और वाहन उन्हें कुचलते हुए मौके से फरार हो गया। हादसे में बाइक पर सवार पृथ्वीनाथ सोनकर (64) और उनकी पुत्री आंचल सोनकर (20) की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई। वहीं बाइक चला रहे दिनेश सोनकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
मृतक पृथ्वीनाथ सोनकर रामनगर थाना क्षेत्र के कोदोपुर गांव के निवासी थे। वह अपनी बेटी आंचल को उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा दिलाने के लिए जौनपुर जा रहे थे। उनके पड़ोसी दिनेश सोनकर बाइक चला रहे थे। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घायल दिनेश को पिंडरा स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बीएचयू ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया।
हादसे की खबर मिलते ही मृतकों एवं घायल के परिजनों में कोहराम मच गया। फूलपुर थाना प्रभारी ने बताया कि पिता-पुत्री के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। वहीं, फरार वाहन और उसके चालक की पहचान के लिए दुर्घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर आगे की विधिक कार्रवाई में जुटी है।

