राजधानी आइजोल में सब्जी विक्रेताओं ने किया प्रदर्शन, नगर निकाय को भंग करने की मांग
- Admin Admin
- Jun 21, 2025
आइजोल, 21 जून (हि.स.)। राजधानी आइजोल के ट्रेजरी स्क्वायर पर किसानों और सब्जी विक्रेताओं ने शनिवार को आइजोल नगर निगम (एएमसी) के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने नगर निकाय पर दुर्व्यवहार करने और आजीविका पर अनुचित प्रतिबंध लगाने का आरोप लगाया।
प्रदर्शनकारियों ने शिकायत है कि उन्हें सप्ताह में केवल एक बार अपनी उपज बेचने की अनुमति है और उसके बाद भी उन्हें जबरन उनके स्थानों से हटा दिया जाता है। इतना ही नहीं अक्सर उनकी सब्जियां जब्त कर ली जाती हैं।
नाराजगी और हताशा व्यक्त करते हुए किसानों और सब्जी विक्रेताओं ने आइजोल नगर निगम पर गरीबों का अपमान करने और छोटे व्यापारियों के हितों के खिलाफ काम करने का आरोप लगाया। उन्होंने नगर निगम को भंग करने की मांग भी की है।
यह विरोध प्रदर्शन ऐसे समय में हुआ है, जब एएमसी द्वारा आइजोल के विभिन्न हिस्सों में सड़क किनारे विक्रेताओं को हटाने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इस कदम की फुटपाथ विक्रेताओं और किसान समूहों ने कड़े शब्दों में आलोचना की है।-------------
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय



