जम्मू-कश्मीर में वाहन बिक्री 51 प्रतिशत बढ़ी, यात्री वाहनों की मांग में सर्वाधिक उछाल
- Sanjay Kulshrestha
- Jul 18, 2026
जम्मू, 18 जुलाई: जम्मू-कश्मीर में जून 2026 के दौरान ऑटोमोबाइल खुदरा बिक्री में जबरदस्त तेजी दर्ज की गई। पिछले वर्ष के इसी महीने की तुलना में कुल वाहन पंजीकरण में 51.01 प्रतिशत, जबकि मई 2026 के मुकाबले 11 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। यह बढ़ती उपभोक्ता मांग, बेहतर आर्थिक गतिविधियों और बाजार में मजबूत विश्वास का संकेत है। फेडरेशन ऑफ ऑटोमोबाइल डीलर्स एसोसिएशंस (फाडा) के नवीनतम आंकड़ों के अनुसार, जून 2026 में केंद्र शासित प्रदेश में 22,013 वाहन बेचे गए। जून 2025 में यह संख्या 14,577 थी। वहीं, मई 2026 में दर्ज 19,799 वाहनों की बिक्री की तुलना में भी जून में उल्लेखनीय बढ़ोतरी हुई।
दोपहिया वाहन बाजार में सबसे बड़ी हिस्सेदारी बनाए हुए हैं। जून में 12,589 दोपहिया वाहन बिके, जबकि पिछले वर्ष इसी महीने 8,930 वाहन बेचे गए थे। इस श्रेणी में 40.97 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज हुई। यात्री वाहनों की बिक्री में सबसे तेज उछाल देखने को मिला। जून 2026 में 6,522 यात्री वाहन बेचे गए, जो जून 2025 में बिके 3,756 वाहनों की तुलना में 73.64 प्रतिशत अधिक हैं। वाणिज्यिक वाहनों की बिक्री भी 76.10 प्रतिशत बढ़कर 1,401 इकाई पहुंच गई। पिछले वर्ष जून में इस श्रेणी में 736 वाहन बेचे गए थे।
तिपहिया वाहनों की बिक्री 63.16 प्रतिशत बढ़कर 1,457 इकाई हो गई, जबकि जून 2025 में यह आंकड़ा 893 था। ट्रैक्टरों की बिक्री भी 6.62 प्रतिशत बढ़कर 317 से 338 इकाई पहुंच गई।निर्माण उपकरण श्रेणी एकमात्र ऐसा क्षेत्र रहा, जिसमें गिरावट दर्ज की गई। जून 2026 में इस श्रेणी की बिक्री 63.64 प्रतिशत घटकर 24 इकाई रह गई, जबकि पिछले वर्ष इसी महीने 66 इकाइयां बेची गई थीं। फाडा जम्मू-कश्मीर के चेयरपर्सन संजय अग्रवाल ने कहा कि जून में ऑटोमोबाइल खुदरा बाजार ने मजबूत प्रदर्शन किया और लगभग सभी प्रमुख वाहन श्रेणियों में वृद्धि दर्ज की गई।
उन्होंने कहा कि सालाना आधार पर 51.01 प्रतिशत और मासिक आधार पर 11 प्रतिशत की वृद्धि बाजार की मजबूती तथा बढ़ते उपभोक्ता विश्वास को दर्शाती है। यात्री वाहनों, दोपहिया और वाणिज्यिक वाहनों की बढ़ती मांग से उपभोक्ता खर्च तथा व्यावसायिक गतिविधियों में तेजी का संकेत मिलता है। अग्रवाल के अनुसार, तिपहिया वाहनों की बिक्री में तेज वृद्धि अंतिम छोर तक परिवहन सेवाओं की बढ़ती मांग को दर्शाती है। इसी तरह वाणिज्यिक वाहनों की बिक्री में उछाल से जम्मू-कश्मीर में लॉजिस्टिक्स, बुनियादी ढांचा और माल परिवहन गतिविधियों के विस्तार का पता चलता है

