कटनीः लोकायुक्त की कार्रवाई, 5 हजार रुपये की रिश्वत लेते पटवारी रंगे हाथ गिरफ्तार

जबलपुर, 09 जून (हि.स.)। जबलपुर लोकायुक्त ने मंगलवार को कटनी जिले के एक पटवारी को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपित पटवारी ने शिकायतकर्ता को रिश्वत देने के लिए अपने निजी कार्यालय में बुलाया था, लेकिन पूरी एहतियात बरतने के बावजूद वह लोकायुक्त के जाल से बच नहीं सका।

जानकारी के अनुसार, कटनी जिले के ग्राम कौड़ियां निवासी शिवकुमार जायसवाल ने लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक अंजुलता पटले के पास लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में उन्होंने बताया कि उनकी पत्नी देववती जायसवाल के नाम पर खरीदी गई 1 एकड़ 80 डिसमिल भूमि के सीमांकन के लिए क्षेत्र के पटवारी स्वयं प्रकाश मेहरा द्वारा 5 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की जा रही है।

शिकायत के सत्यापन के दौरान यह आरोप सही पाया गया। जांच में सामने आया कि पटवारी स्वयं प्रकाश मेहरा सीमांकन कार्य के बदले 5 हजार रुपये लेने के लिए तैयार हो गया था। इसके बाद लोकायुक्त टीम ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप कार्रवाई की। मंगलवार को शिकायतकर्ता ने आरोपी के निजी कार्यालय पहुंचकर उसे 5 हजार रुपये की रिश्वत दी। जैसे ही आरोपी ने राशि स्वीकार की, पहले से तैनात लोकायुक्त टीम ने मौके पर दबिश देकर उसे रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। लोकायुक्त पुलिस ने आरोपी पटवारी स्वयं प्रकाश मेहरा के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 (संशोधित 2018) की धारा 7, 13(1)(बी) एवं 13(2) के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

---------------

   

सम्बंधित खबर