युवा कांग्रेस का प्रदर्शन, मुख्यमंत्री निवास कूच का प्रयास, कई नेता हिरासत में

युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं का उग्र प्रदर्शन

जयपुर, 20 नवंबर (हि.स.)। पुलिस शहीद स्मारक पर गुरुवार को युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने वोट चोरी, कानून व्यवस्था की स्थिति और फसल खराबे के मुआवजे की मांग को लेकर राज्य सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया और सिविल लाइंस स्थित मुख्यमंत्री निवास की ओर कूच करने का प्रयास किया। इस दौरान भारी पुलिस बल ने बैरिकेड्स लगाकर प्रदर्शनकारियों को रोक दिया।

राजस्थान आगमन पर युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब का मंच पर स्थानीय नेताओं द्वारा स्वागत किया गया। प्रदर्शन के दौरान जब कार्यकर्ता बैरिकेड्स पर चढ़ने लगे तो पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की हो गई, जिससे कुछ देर के लिए माहौल तनावपूर्ण हो गया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने हल्का बल प्रयोग करते हुए वाटर कैनन का इस्तेमाल किया और इसके बाद उदय भानु चिब, प्रदेश अध्यक्ष अभिमन्यु पूनिया सहित कई युवा कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया।

इस दौरान युवा कांग्रेस कार्यकर्ता राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब के नेतृत्व में सड़कों पर उतरे और सरकार की नीतियों के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदेश अध्यक्ष अभिमन्यु पूनिया ने आरोप लगाया कि राज्य में आम जनता सरकार की नीतियों से परेशान है और उन्होंने कृषि मंत्री किरोड़ी मीणा की गतिविधियों तथा हाल ही में बीएलओ आत्महत्या प्रकरण को लेकर भी सरकार पर सवाल उठाए। वहीं कोटपूतली-बहरोड़ जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष ओमप्रकाश जींदड़ ने भी सरकार की नीतियों का विरोध करते हुए नारेबाजी की और चुनाव प्रक्रिया में गड़बड़ी के आरोप लगाए।

प्रदर्शन के दौरान मुख्यमंत्री निवास का घेराव नहीं हो सका। प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, प्रदर्शनकारियों को पहले ही पुलिस शहीद स्मारक पर रोकने के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। वहीं इस बार पिछले प्रदर्शनों की तुलना में कार्यकर्ताओं की संख्या भी अपेक्षाकृत कम रही। इसी कारण मुख्यमंत्री निवास घेराव का कार्यक्रम लगभग 15 मिनट में ही समाप्त हो गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

   

सम्बंधित खबर