मौसम बना परीक्षा, आस्था अडिग: लखनपुर में थमे अमरनाथ यात्रियों के कदम, खराब मौसम के चलते यात्रा अस्थायी रूप से रुकी, सुविधा केंद्र में गूंजे बम-बम भोले के जयघोष

लखनपुर। स्टेट समाचार
खराब मौसम और लगातार बारिश के चलते सोमवार शाम से मंगलवार सुबह तक अमरनाथ यात्रा पर अस्थायी विराम लग गया। जम्मू-कश्मीर के प्रवेश द्वार लखनपुर में पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए करीब 500 से 700 श्रद्धालुओं तथा उनके वाहनों को आगे बढ़ने से रोककर अमरनाथ यात्रा सुविधा केंद्र में ठहराया। हालांकि यात्रा के कदम थम गए, लेकिन श्रद्धालुओं की आस्था नहीं डगमगाई। यात्रा केंद्र पूरे दिन हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयघोष से गूंजता रहा। कोई भजन-कीर्तन में लीन दिखा तो कोई भगवान शिव की महिमा का गुणगान सुनता नजर आया। जिला प्रशासन ने यात्रियों के ठहरने, भोजन, पेयजल, चिकित्सा, योग कक्षाओं तथा बड़ी एलईडी स्क्रीन पर धार्मिक कार्यक्रमों की व्यवस्था कर रखी थी, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा।
गुजरात के बड़ौदा से आईं सोनम बहन, त्रिवेणी बहन और राजीव भाई ने कहा कि प्रकृति के आगे किसी की नहीं चलती। प्रशासन ने हमारी सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए हमें रोका है और यहां सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई हैं। राजस्थान, गुजरात और उत्तर प्रदेश से आए श्रद्धालु संतोष, दीपिका, निशांत भाई और राजू पटेल ने बताया कि वे पिछले कई वर्षों से बाबा बर्फानी के दर्शन के लिए आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि मौसम की खराबी के कारण रुकना कोई नई बात नहीं है, लेकिन शिव भक्तों का उत्साह कभी कम नहीं होता। श्रद्धालुओं ने कहा, "हम घर से बाबा बर्फानी के दर्शन के संकल्प के साथ निकले हैं। दर्शन किए बिना वापस लौटने का सवाल ही नहीं उठता। मौसम चाहे जैसी परीक्षा ले, आस्था हर चुनौती से बड़ी है।"
उधर, मौसम विभाग द्वारा भारी बारिश और भूस्खलन की आशंका जताए जाने के बाद प्रशासन ने एहतियातन पहलगाम और बालटाल दोनों मार्गों से यात्रा को अस्थायी रूप से रोक दिया है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि मौसम में सुधार और मार्गों की सुरक्षा सुनिश्चित होने के बाद ही यात्रा दोबारा शुरू की जाएगी। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और बेस कैंपों व यात्रा केंद्रों में ही सुरक्षित रहें। लखनपुर में जिला प्रशासन, पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां चौबीसों घंटे मुस्तैदी के साथ यात्रियों की सेवा और सुरक्षा में जुटी हुई हैं। आस्था का यह सैलाब भले ही कुछ घंटों के लिए थम गया हो, लेकिन बाबा बर्फानी के भक्तों के हौसले आज भी उतने ही बुलंद हैं। मौसम की हर चुनौती के बीच शिवभक्तों की जुबान पर सिर्फ एक ही स्वर गूंज रहा है — "बम-बम भोले, हर-हर महादेव।"

   

सम्बंधित खबर