जालंधर | मॉडल हाउस स्थित श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर के सामने दशहरा ग्राउंड में 19 मई को शाम 6:30 से रात 8:30 बजे तक 108 कुंडीय समष्टि हनुमान चालीसा हवन करवाया जा रहा है। इस संबंध में मंदिर के प्रधान दिनेश शर्मा ने बताया कि शहर में पहली बार इस स्वरूप में हनुमान चालीसा पाठ करवाया जा रहा है। इस मौके 108 परिवार हवन में शामिल होंगे और करीब एक हजार लोग इस आयोजन में मौजूद रहेंगे। कार्यक्रम की शुरुआत ‘जय बजरंगबली’ और ‘ॐ’ के उच्चारण से होगी। इस दौरान ‘श्रीराम’ नाम का सामूहिक जाप भी होगा। मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र में आयोजन को लेकर व्यवस्था की गई है। सुरक्षा के भी पुख्ता प्रबंध किए गए हैं ताकि किसी को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि दूर-दराज से आने वाले भक्तों के लिए खास प्रबंध होंगे।

