कार्तिक पूर्णिमा पर लखनऊ में निकलेगा आरएसएस का कौमुदी घोष संचलन
- Admin Admin
- Nov 03, 2025
लखनऊ, 3 नवंबर (हि.स.)। शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ लखनऊ विभाग की ओर से राजधानी लखनऊ में 5 नवंबर को कौमुदी घोष संचलन निकाला जायेगा। इस संचलन में शामिल होने वाले सभी स्वयंसेवक कोई न कोई वाद्य यंत्र बजाते हुए संचलन करेंगे। कौमुदी संचलन की विशेषता है कि यह हमेशा रात्रि में होता है।
लखनऊ विभाग के विभाग कार्यवाह अमितेश ने साेमवार काे बताया कि प्रकाश पर्व एवं कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर 5 नवंबर को लखनऊ महानगर का कौमुदी घोष संचलन तय हुआ है। कौमुदी संचलन लालबाग स्थित गुरूद्वारा श्री गुरू सिंह सभा के सामने नगर निगम पार्क से प्रारंभ होगा। इसके लिए रात्रि 8 बजे वाद्य यंत्र बजाने वाले स्वयंसेवकों को बुलाया गया है। श्रृंग व वेणु में स्वयंसेवक को भूप, मीरा, तिलंग, शिवरंजनी, जन्मभूमि व ध्वजारोपणम बजाना आना चाहिए। इसी प्रकार शंख में किरण, उदय, श्रीराम, गायत्री व ध्वजावतरणम बजाना आना चाहिए। इसके अलावा आनक तथा ताल वाद्य बजाने वाले स्वयंसेवक को उपरोक्त में से सब बजाना आना चाहिए।
अमितेश ने बताया कि विजयादशमी के अवसर पर लखनऊ विभाग की 400 से अधिक बस्तियों में पथ संचलन के कार्यक्रम संपन्न हुए हैं। इन संचलन में बड़ी संख्या में स्वयंसेवकों ने सहभागिता की है।------------
हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन



