भास्कर न्यूज | अमृतसर शहर में अवैध खोखे लगाकर अतिक्रमण करने वालों की अब खैर नहीं होगी। निगम कमिश्नर के निर्देश पर मजीठा रोड पर निगम की मंजूरी के बिना सड़क किनारे लगाए 11 अवैध खोखों को सील कर किया गया। इनमें यम्मी नाम के 3 खोखे पहले भी सील किए गए थे लेकिन दिवाली-गुरुपर्व पर सरकारी छुट्टी का फायदा उठा सील तोड़ते हुए दोबारा से काम शुरू कर दिया था। अब सीपी को कार्रवाई के लिए लिखा गया है। एस्टेट विभाग की टीम सुबह 8 बजे मजीठा रोड पर चेकिंग करने पहुंची। सुभाष जूस बार ने 5 तो यम्मी के 3 खोखों के अलावा सुभाष फूड नाम के 3 और खोखे सड़क किनारे लगाए गए थे। निगम सूत्रों की मानें तो साल 2016 में घालामाला चौक से तुंगबाला पुल फिर ईएसआई अस्पताल तक करीब 143 खोखे लगे थे। पुराने खोखों की आड़ में दर्जनों नए लगते गए। अब हाल यह है कि आधी सड़क पर रेहड़ी व खोखों का कब्जा बना हुआ है। निगम से बिना मंजूरी के जो खोखे लगाए गए, उनमें कई ऐसे शामिल हैं, जिन्होंने पूर्व में एक या दो का लाइसेंस लिया पर अंदरखाते 4-5 और बढ़ा लिए। सख्ती से चेकिंग की जाए तो दर्जनों खोखे ऐसे मिल जाएंगे जिनके पास अलॉटमेंट लैटर ही नहीं होगा। अवैध खोखों का मुद्दा पहले भी उठ चुका है मगर अफसरों की मिलीभगत से कार्रवाई के नाम पर खानापूर्ति होती रही है। दरअसल, अतिक्रमण को लेकर निगम कमिश्नर ने कुछ दिन पहले मजीठा रोड इलाके में औचक चेकिंग की थी। मौके पर पाया कि बड़ी संख्या में छोटे-छोटे खोखे सड़क किनारे लगा लिए गए हैं जो जाम का कारण भी बन रहे हैं। इसके बाद एस्टेट विभाग को निर्देश दिया कि जांच करके कार्रवाई करें। बता दें कि करीब एक साल के दौरान एस्टेट विभाग की सबसे बड़ी कार्रवाई है, जब एकसाथ 11 अवैध खोखों को सील कर दिया गया। इस मौके पर एस्टेट अफसर धरमिंदरजीत, जूनियर असिस्टेंट संजय बावा, जूनियर असिस्टेंट राजीव मेहता व अन्य मौजूद रहे।



