पंजाब में 5-6 नवंबर को बारिश के आसार:तापमान में गिरावट, लेकिन रातें अभी भी गर्म; बठिंडा ​​​​​​​का AQI 200 के पार

पंजाब में नवंबर के पहले सप्ताह में ही बढ़ते प्रदूषण से लोगों को जल्द राहत मिलने की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र ने अनुमान जताया है कि 5 और 6 नवंबर को राज्य में बारिश हो सकती है। हालांकि, अभी इस संबंध में कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार, नया पश्चिमी विक्षोभ 4 नवंबर से सक्रिय हो जाएगा। इसका सबसे ज्यादा असर जम्मू-कश्मीर में देखने को मिलेगा, जबकि 5 और 6 नवंबर को इसका प्रभाव पंजाब पर भी पड़ेगा। इन दो दिनों के दौरान राज्य के अधिकतर इलाकों में बादल छाए रहेंगे और कई जगहों पर मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना है। बारिश होने पर पंजाब में वायु गुणवत्ता में सुधार आ सकता है। प्रदूषण के कण जमीन पर बैठ जाएंगे, जिससे एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) बेहतर होगा। फिलहाल, राज्य के सभी शहरों में AQI 100 से अधिक दर्ज किया जा रहा है। बठिंडा में यह स्तर 205 तक पहुंच गया है। तापमान में गिरावट, लेकिन रातें अभी भी गर्म राज्य में अधिकतम तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। बीते 24 घंटों में पारा करीब 1 डिग्री घटा है। सबसे अधिक तापमान मानसा में 32.3 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि सबसे कम तापमान गुरदासपुर में 16 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं, न्यूनतम तापमान में 1.1 डिग्री का उछाल देखने को मिला है। यह सामान्य से करीब 4 डिग्री अधिक बना हुआ है, जो मौसम विशेषज्ञों के अनुसार चिंता का विषय है।

   

सम्बंधित खबर