युवाओं से की कानूनी रास्ता अपनाकर विदेश जाने की अपील

भास्कर न्यूज | जालंधर विदेश जाने का रास्ता कानूनी हो, यह सुनिश्चित करने के लिए केंद्र सरकार ने पंजाब से बड़ी पहल शुरू की है। मंत्रालय ने शुक्रवार को शहर में "सुरक्षित और कानूनी प्रवासन’ अभियान की शुरुआत की। इस दौरान युवाओं को एक स्पष्ट संदेश दिया गया - "विदेश जाने का सपना देखो, लेकिन गैर-कानूनी रास्तों से दूर रहो।’ इस मौके पर मंत्रालय के प्रवासी भारतीयों के संरक्षक महानिदेशक सुरिंदर भगत ने कहा, "कोई भी ट्रैवल एजेंट आपकी मेहनत की कमाई का बड़ा हिस्सा लेकर आपको फंसा सकता है। इसलिए किसी एजेंट की सेवाएं लेने से पहले उसके लाइसेंस और पंजीकरण की जांच करना आपकी भी जिम्मेदारी है।’ उन्होंने युवाओं से केवल अधिकृत और विश्वसनीय चैनलों का ही इस्तेमाल करने की अपील की। भगत ने पंजाबी में ‘कानूनी प्रवासन' के बारे में जानकारी देती पुस्तिका भी जारी की, ताकि स्थानीय युवाओं को आसानी से समझ आ सके। साथ ही सोशल मीडिया पर डिजिटल जागरूकता फैलाने के लिए VideshRozgarSathi हैशटैग की भी शुरुआत की गई। इस मौके पर प्रोटेक्टर ऑफ इमीग्रेंट्स चंडीगढ़ यशु दीप सिंह, सीबीसी के सहायक निदेशक राजेश बाली समेत अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे। यशु दीप सिंह ने बताया िक "यह पंजाब का पहला कार्यक्रम है, लेकिन जल्द ही हम राज्य के सभी जिलों में ऐसे ही जागरूकता सत्र चलाएंगे।’ उन्होंने युवाओं को आधिकारिक वेबसाइट www.emigrate.gov.in और पीबीएसके के व्हाट्सऐप नंबर 74283-21144 पर संपर्क करने के लिए भी प्रेरित किया। कार्यक्रम में सीबीसी की टीम ने अवैध प्रवासन के खतरों पर नुक्कड़ नाटक पेश किया। बता दें कि पंजाब समेत देश के कई हिस्सों से अवैध रास्तों से विदेश जाने की कोशिश में युवा घोटालों का शिकार हो रहे हैं या फिर उन्हें मुश्किलों का सामना करना पड़ता है। मुख्यातिथि को कॉलेज प्रबंधन ने सम्मानित भी किया।

   

सम्बंधित खबर