कपूरथला में विवादित जमीन से मिट्टी निकालने पर केस दर्ज:कोर्ट ने 2016 में लगाया था स्टे, ASI बोले-आगे की कार्रवाई शुरू
- Admin Admin
- Nov 09, 2025
कपूरथला के गांव होठियां में एक जमीनी विवाद में कोर्ट के स्टे ऑर्डर के बावजूद जमीन से मिट्टी निकालने का मामला सामने आया है। दूसरे पक्ष की शिकायत पर एक व्यक्ति के खिलाफ थाना ढिलवां में एफआईआर दर्ज की गई है। जांच अधिकारी एएसआई मूरता सिंह ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता साहिल गुप्ता, निवासी नई दाना मंडी कपूरथला, ने बताया कि गांव होठियां में उनकी 14 कनाल 9 मरले जमीन रजिस्ट्रीशुदा है। 2016 में कोर्ट ने स्टे दिया था इसके अतिरिक्त, उनके पास 31 कनाल 9 मरले जमीन का इकरारनामा भी है। इस 31 कनाल 9 मरले जमीन के रकबे को लेकर सरवन सिंह, निवासी गांव होठियां और अन्य के साथ कोर्ट में मामला विचाराधीन है। कोर्ट ने इस मामले में 29 नवंबर 2016 को स्टे ऑर्डर जारी किया था। शिकायतकर्ता साहिल गुप्ता ने आरोप लगाया कि विवादित जमीन पर स्टे के बावजूद सरवन सिंह अवैध रूप से मिट्टी निकाल रहा है। थाना ढिलवां में तैनात जांच अधिकारी एएसआई मूरता सिंह ने बताया कि शिकायतकर्ता की शिकायत पर मौके पर पहुंचकर जांच की गई। आरोपी सरवन सिंह के खिलाफ बीएनएस की धारा 303(2) के तहत एफआईआर दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।



