लुधियाना में एक और कबड्डी प्लेयर की गोली मारकर हत्या::समरला के मानकी गांव में देर रात हुई फायरिंग, हमलावर सीसीटीवी में कैद
- Admin Admin
- Nov 04, 2025
लुधियाना के जगराओं में कबड्डी प्लेयर तेजपाल की हत्या के बाद समराला के मानकी गांव में एक और कबड्डी प्लेयर की गोली मारकर हत्या कर दी गई। चार नकाबपोश हमलावरों ने देर रात घटना को अंजाम दिया। हमलावरों ने कबड्डी प्लेयर गुरविंदर सिंह और उसके दो साथियों धर्मवीर व लवप्रीत पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाई। हमलावर सीसीटीवी में भी कैद हो गए हैं। हमले में 23 वर्षीय गुरविंदर सिंह व धर्मवीर को गोलियां लग गई जबकि लवप्रीत सिंह का बचाव हो गया। गुरविंदर व धर्मवीर को देर रात समराला सिविल अस्पताल पहुंचाया गया जहां से उन्हें चंडीगढ़ पीजीआई रेफर किया गया। गुरविंदर सिंह की रास्ते में ही मौत हो गई जबकि धर्मवीर को पीजीआई में दाखिल किया गया। गुरविंदर के शव को समराला सिविल अस्पताल की मॉचर्री में रखा गया है। घटना के बाद देर रात पुलिस मौके पर पहुंची और पुलिस ने वहां से गोलियों के खोल भी बरामद किए। नगर कीर्तन के लिए कर रहे रास्ते की सफाई प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गांव में नगर कीर्तन से पहले युवक रात में सफाई कर रहे थे। सुआ पुली पर लंगर लगाया जाना था। इसी दौरान तीनों युवक मेडिकल स्टोर के पास बैठकर बातचीत कर रहे थे। तभी मोटरसाइकिल पर सवार चार नकाबपोश हमलावर आए और बिना किसी कहासुनी के ताबड़तोड़ गोलियां चलाकर फरार हो गए। पुलिस के आला अधिकारी घटना स्थल पर पहुंचे गोलीबारी की आवाज सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंचे और तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही एसपी (डी) खन्ना पवनजीत, डीएसपी (डी) मोहित कुमार सिंगला और डीएसपी समराला करमजीत सिंह ग्रेवाल पुलिस दल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल से कई खाली खोल बरामद किए हैं और हमलावरों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। एसपी (डी) पवनजीत ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और विभिन्न पहलुओं से जांच की जा रही है। गुरविंदर सिंह स्थानीय मेलों में खेलता था कबड्डी स्थानीय लोगों का कहना है कि गुरविंदर सिंह कबड्डी का खिलाड़ी था। वह स्थानीय लेवल पर होने वाले टूर्नामेंट में कबड्डी खेलता था। वह जिला स्तरीय टूर्नामेंटों में भी हिस्सा ले चुका है। लोगों का कहना है कि समराला के आसपास जितने भी मेले होते हैं उनमें वह कबड्डी खेलने जाया करता था। सीसीटीवी में दिखे हमलावर हमलावर गुरविंदर व उसके साथियों पर फायरिंग करते हुए सीसीटीवी में कैद हुए हैं। फायरिंग के बाद वो मौके से फरार हो गए और गुरविंदर सिंह सड़क पर गिर गया। गुरविंदर सिंह को लोगों ने उठाया। उसके बाद वहां पर काफी संख्या में लोग एकत्रित हो गए। क्या कहना एसपी डी खन्ना का एसपी (डी) खन्ना पवनजीत ने बताया कि गांव मानकी में तीन युवक गांव के पुल पर बातचीत कर रहे थे, तभी चार अज्ञात लुटेरे मुँह ढके हुए आए और इन युवकों पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी, जिसमें दो युवकों के पेट में गोली लगी और एक युवक बाल-बाल बच गया। एक युवक की मौत हो गई। जबकि एक को चंडीगढ़ पीजीआई में दाखिल किया गया।



