लुधियाना कारोबारी फायरिंग केस, पुलिस जेल लिंक खंगाल रही:गैंगस्टर कौशल चौधरी 12 नवंबर तक रिमांड पर, बोला-इससे मेरा कुछ लेना-देना नहीं
- Admin Admin
- Nov 09, 2025
लुधियाना की पुलिस कुख्यात गैंगस्टर कौशल चौधरी को गुरुग्राम से प्रोडक्शन वारंट पर लाई हुई है। उसका रिमांड 12 नवंबर तक बढ़ गया है। पुलिस 19 अक्टूबर को थाना सदर के गांव बेगोआना में पूर्व सैन्यकर्मी नंदलाल के घर पर हुई गोलीबारी में उसकी भूमिका की जांच कर रही है। अभी तक इस केस में पुलिस के हाथ खाली नजर आ रहे हैं। चौधरी के तार पंजाब की किन अन्य जेलों में हैं, अब पुलिस यह पता करने में जुटी हुई है। चौधरी से हुई पूछताछ के बाद उसके कुछ गुर्गों के नाम पुलिस के सामने आए हैं। जिनकी लिस्ट बनाई गई है। पुलिस अब चौधरी के अन्य गुर्गों को भी जेल से पूछताछ के लिए लाएगी। 19 अक्टूबर को हुई थी फायरिंग 21 दिन पहले 19 अक्टूबर को फायरिंग करने वाले बाइक सवार बदमाश कौशल चौधरी के नाम से एक फिरौती की पर्ची फेंक गए थे। इसमें 5 करोड़ रुपए की रंगदारी मांगी गई थी। फायरिंग करके भाग रहे बदमाशों की सीसीटीवी भी आई थी। बदमाशों ने आटोमैटिक वेपन के साथ फायरिंग की है। आटोमैटिक वेपन किसी छुटपुट बदमाश के पास नहीं बल्कि कुख्यात गैंगस्टरों के पास ही होते है। कौशल चौधरी बोला- मेरा कुछ लेना-देना नहीं प्राथमिक जांच में पुलिस को भी शक था कि कौशल चौधरी का हाथ इस घटना में हो सकता है। लेकिन प्रोडक्शन वारंट पर लाए जाने के बाद काफी हद तक पुलिस को मामला क्लियर हो गया है। सूत्रों मुताबिक, पता चला है कि रिमांड दौरान कौशल ने खुलासा किया है कि उसका इस केस से कोई लेन-देन नहीं है। विदेश में बैठे व्यक्ति उसके नाम का इस्तेमाल कर रहे हैं। कौशल का मोबाइल भी जेल में उसके पास नहीं है। वह खुद भी जेल के अंदर चक्की में बंद रहा है। पुलिस अब विदेश में बैठे व्यक्ति का भी पता लगाने में जुटी है। पूछताछ में पुलिस के सामने कुछ अन्य गैंगस्टरों के नाम भी आए हैं, जिन्हें जल्द ही जिला पुलिस पंजाब की अलग-अलग जेलों से प्रोडक्शन वारंट पर लाएगी।



