पंजाब में न्यूजपेपरों की सप्लाई रोकी:पुलिस बोली- ड्रग और आर्म्स स्मगलिंग के शक में गाड़ियों की चेकिंग; लोगों को कई घंटे लेट मिले अखबार
- Admin Admin
- Nov 02, 2025
पंजाब में शुक्रवार-शनिवार दरम्यानी रात पुलिस ने अभियान चलाकर अखबार लेकर जा रहीं गाड़ियों को अलग-अलग इलाकों में रोककर उनकी चेकिंग की। यह चेकिंग रात दस बजे शुरू हुई जो सुबह तक चलती रही। इसकी वजह से ज्यादातर शहरों-कस्बों और गांवों में लोगों को सुबह के समय अखबार समय पर नहीं मिल पाए। सूत्रों के अनुसार, पुलिस के पास ड्रग और हथियार सप्लाई का इनपुट था। इसलिए अलग-अलग अखबारों के प्रिंटिंग सेंटरों से न्यूजपेपर लेकर निकलीं गाड़ियों को राज्यभर में रास्ते में रोककर तलाशी ली गई। कई जगह डॉग स्क्वयाड को भी बुलवाया गया। कुछ जगह गाड़ियों को थाने के अंदर ले जाकर जांच की गई। इस बीच पंजाब पुलिस के किसी सीनियर अधिकारी ने इस पर कुछ भी आधिकारिक रूप से नहीं बताया। इस चेकिंग का असर लगभग सभी अखबारों पर पड़ा और ज्यादातर सेंटरों पर उनकी सप्लाई प्रभावित हुई। लुधियाना, अमृतसर, मोगा, फरीदकोट, कोटकपूरा, पठानकोट, फाजिल्का, अबोहर, बरनाला में लोगों को समय पर अखबार नहीं मिल पाए। अखबार बांटने वाले हॉकरों और डिस्ट्रीब्यूटर भी इससे नाराज नजर आए। गाड़ी चला रहे कुछ ड्राइवरों के मुताबिक, पुलिस खासतौर पर दो अखबारों की गाड़ियों की जांच कर रही थी। मामले से संबंधित PHOTOS... किस शहर में क्या हुआ... अमृतसर में ड्राइवरों के फोन भी ले लिए अमृतसर से सुबह करीब 9 बजे अखबार की सप्लाई लेकर पहुंचे जीवन कुमार ने बताया कि पुलिसवालों ने सुबह चार बजे ढिलवां टोल पर उन्हें रोक लिया। ड्राइवरों के मोबाइल फोन ले लिए गए। इसके बाद पुलिसवाले हर गाड़ी में बैठ गए और उन्हें अमृतसर के एंट्री गेट, गोल्डन गेट तक लेकर आए। वहां डॉग स्क्वॉड की टीम बुलाकर गाड़ियों से अखबारों के सभी बंडल नीचे उतरवाने के बाद उन्हें खोल-खोलकर चेक किया गया। अमृतसर जिले के ज्यादातर देहाती एरिया में सुबह 10 बजे तक भी सप्लाई नहीं पहुंच पाई। कोटकपूरा के एजेंट बोले- RDX का इनपुट था फरीदकोट जिले के सबसे बड़े शहर, कोटकपूरा के न्यूजपेपर एजेंट मनीष मल्होत्रा ने बताया कि उनके यहां भी अखबारों की सप्लाई लेट पहुंची। जालंधर और लुधियाना से अखबार लेकर आ रहे ड्राइवरों ने उन्हें बताया कि गाड़ियों को मोगा में धर्मकोट से पहले सतलुज नदी पर रोका गया। उनके मुताबिक- ड्राइवर ने उन्हें बताया कि पुलिस को किसी गाड़ी में RDX होने का इनपुट था। SHO बोले- गाड़ियां रोकने की वजह सीनियर अफसर बताएंगे लुधियाना में अखबारों की गाड़ियां रोकने की वजह पूछने पर कोतवाली थाने के कार्यकारी SHO सुलखन सिंह ने बताया कि शनिवार रात 10 बजे से रविवार सुबह 6 बजे तक नाकेबंदी की गई थी। हालांकि, जब पूछा गया कि केवल न्यूजपेपर की गाड़ियां ही रोकी गईं या अन्य वाहन भी रोके? तो उन्होंने कहा कि इस बारे में सीनियर अधिकारी ही बता जाएंगे। हमारे पास इनपुट था। रोकी गई सारी गाड़ियों की लिस्ट बनाई गई है। परगट सिंह बोले- पंजाब में साइलेंट इमरजेंसी जालंधर कैंट के कांग्रेस विधायक परगट सिंह ने इस पूरी कार्रवाई की निंदा की। सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर डाली पोस्ट में परगट सिंह ने लिखा- पंजाब में प्रेस की आजादी पर सीधा हमला किया जा रहा है। आज सुबह भगवंत मान सरकार ने राज्यभर में अखबारों की सप्लाई रोक दी ताकि अरविंद केजरीवाल के 50 नंबर सरकारी कोठी में ठहरने की खबर जनता तक न पहुंच पाए। उन्होंने आगे लिखा कि दिल्ली लॉबी के लिए पंजाब के खजाने को लूटने के बाद अब सच्चाई छिपाने के लिए अखबारों का प्रकाशन बंद किया जा रहा है। पंजाब में लगाई जा रही इस साइलेंट इमरजेंसी को पंजाबी बर्दाश्त नहीं करेंगे।



