(रिपीट) राहुल गांधी के खिलाफ मानहानि मामले की सुनवाई टली, अब 17 नवंबर को होगी

सुलतानपुर, 6 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर जिले की एमपी-एमएलए कोर्ट में रायबरेली से कांग्रेस पार्टी के सांसद एवं नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ मानहानि मामले की सुनवाई गुरुवार को स्थगित हो गई। अब इस मामले की अगली सुनवाई 17 नवंबर को होगी।

राहुल गांधी के अधिवक्ता काशी प्रसाद शुक्ला ने बताया कि एक अधिवक्ता के निधन के कारण आज कोर्ट में शोक अवकाश हो गया। इसलिए अब इस मामले की सुनवाई अब 17 नवंबर को होगी।

उल्लेखनीय है कि कोतवाली देहात के हनुमानगंज निवासी भाजपा नेता विजय मिश्रा ने राहुल गांधी के खिलाफ 2018 में मानहानि का मुकदमा दायर किया था। विजय मिश्रा का आरोप है कि 2018 में कर्नाटक चुनाव के दौरान राहुल गांधी ने तत्कालीन भाजपा अध्यक्ष और वर्तमान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर अभद्र टिप्पणी की थी। कोर्ट कार्यवाही के दौरान राहुल गांधी के पेश न होने पर दिसंबर 2023 में तत्कालीन जज ने उनके खिलाफ वारंट जारी किया था। इसके बाद फरवरी 2024 में राहुल गांधी ने कोर्ट में आत्मसमर्पण किया था। विशेष मजिस्ट्रेट ने उन्हें 25-25 हजार रुपये के दो मुचलकों पर जमानत दी। 26 जुलाई 2024 को राहुल गांधी ने कोर्ट में अपना बयान दर्ज कराया, जिसमें उन्होंने खुद को निर्दोष बताया और इसे राजनीतिक साजिश करार दिया था। इसके बाद कोर्ट ने वादी को साक्ष्य प्रस्तुत करने का निर्देश दिया था, तब से लगातार गवाह पेश किए जा रहे हैं। अब तक केवल एक गवाह से जिरह पूरी हो पाई है, जबकि दूसरे गवाह से जिरह शुरू हुई है।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार

   

सम्बंधित खबर