हरिद्वार, 15 जुलाई (हि.स.)। गुरुकुल कांगड़ी सम विश्वविद्यालय में चल रहे सांकेतिक धरने पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अरविन्द शर्मा, पूर्व नगर पालिका सभासद व पूर्व महापौर प्रतिनिधि अशोक शर्मा, सुन्दर सिंह मनवाल, पार्षद नगर निगम विवेक भूषण तथा राहुल चौधरी, संजीव कुमार सहित अन्य कांग्रेसी नेताओं ने अपना समर्थन दिया।
इस अवसर पर कांग्रेस नेताओं ने कहा कि गुरुकुल कांगड़ी सम विश्वविद्यालय हरिद्वार की पहचान है। इसकी रक्षा हर कीमत पर की जाएगी। उन्होंने कहा कि व्यक्तिगत महत्वकांक्षा की पूर्ति के लिए गुरुकुल कांगड़ी को केन्द्र बिन्दु नहीं बनने दिया जाएगा।
वरिष्ठ अधिवक्ता व कांग्रेस नेता अरविन्द शर्मा ने कहा कि कर्मचारियों के हित प्रभावित न हो।
इस अवसर पर यूनियन के अध्यक्ष रजनीश भारद्वाज व महामंत्री नरेन्द्र मलिक ने कहा कि गुरुकुल कांगड़ी शिक्षकेत्तर कर्मचारी यूनियन समविश्वविद्यालय के अस्तित्व की लड़ाई को लड़ने का काम कर रही है। उन्होंने धरना स्थल पर पहुंचे जन प्रतिनिधियों व नेताओं का आभार व्यक्त किया।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला



