वैदिक यज्ञ के साथ कुलपति प्रो. प्रतिभा मेहता लूथरा ने पदभार किया ग्रहण

हरिद्वार, 26 नवंबर (हि.स.)। गुरुकुल कांगड़ी समविश्वविद्यालय की माता लाल देवी यज्ञशाला में नवनियुक्त कुलपति प्रो. प्रतिभा मेहता लूथरा ने वैदिक मंत्रों की पवित्र ध्वनियों के साथ यज्ञ में आहुतियाँ दीं। इस अवसर पर निवर्तमान कुलपति प्रो. हेमलता कृष्णमूर्ति ने भी सहभागी होकर गुरुकुल परंपरा के प्रति अपनी भावनात्मक आस्था व्यक्त की। यज्ञ के ब्रह्मा डॉ. वेदव्रत ने विधिपूर्वक अनुष्ठान सम्पन्न कराया।

अपने प्रथम संदेश में कुलपति प्रो. प्रतिभा एम. लूथरा ने सभी को आश्वस्त करते हुए कहा गुरुकुल केवल एक संस्था नहीं, एक संस्कार है। इसकी मर्यादा और महिमा को नई ऊँचाई पर ले जाना मेरा संकल्प है। हम सब मिलकर विश्वविद्यालय को उत्कृष्टता के शिखर तक पहुँचाएँगे।स्वागत वक्तव्य में प्रो. ब्रह्मदेव ने कहा कि आज विश्वविद्यालय नई अंगड़ाई ले रहा है। गुरुकुल ने सदैव नारी-शिक्षा और समाजोत्थान में इतिहास रचा है। प्रो. प्रतिभा एम. लूथरा आर्य समाज की उज्ज्वल धरोहर से अनुप्राणित हैं। उनके नेतृत्व में विश्वविद्यालय नए प्रकाशपथ पर आगे बढ़ेगा, यह हमारा विश्वास ही नहींकृहमारी आस्था है।

कुलसचिव डॉ. विपुल शर्मा ने कहा शिक्षा मंत्रालय, भारत सरकार ने रेगुलेशन-2023 के अंतर्गत प्रो. प्रतिभा एम. लूथरा को कुलपति नियुक्त कर एक नई दिशा और नई ऊर्जा का संचार किया है।

निवर्तमान कुलपति प्रो. हेमलता कृष्णमूर्ति ने भावनात्मक स्वर में कहा विश्वविद्यालय की प्रगति एक अखंड साधना है। मुझे पूर्ण विश्वास है कि प्रो. प्रतिभा एम. लूथरा के नेतृत्व में गुरुकुल नई ऊँचाइयों को प्राप्त करेगा और अपनी गौरवशाली परंपरा को नए आयाम देगा। इस अवसर पर गुरुकुल कांगड़ी समविश्वविद्यालय के समस्त शिक्षक, शिक्षकेत्तर कर्मचारी व छात्र-छात्राएं उपस्थित रही।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

   

सम्बंधित खबर