मंत्री ने टाना भगतों के संघर्ष को नमन कर पुस्तक का किया विमोचन
- Admin Admin
- Oct 02, 2025
रांची, 2 अक्टूबर (हि.स.)। झारखंड की राजधानी रांची के बेड़ो खक्सी टोली स्थित टाना भगत स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्मारक स्थल में गुरुवार को गांधी जयंती समारोह का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर बतौर मुख्य अतिथि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की शामिल हुईं। उन्होंने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
इसके ही कार्यक्रम के दौरान हालात बदलेगा टाना भगतों का नामक पुस्तक का विमोचन भी किया गया। मंत्री ने कहा कि महात्मा गांधी के सच्चे अनुयायी के रूप में टाना भगतों की पहचान पूरे देश में होती है। युवा पीढ़ी को यह समझना होगा कि विदेश में उच्च शिक्षा और वकालत की डिग्री होने के बावजूद गांधीजी ने देश की आज़ादी की लड़ाई के लिए भारत लौटकर किसानों और आम जनता के बीच रहकर संघर्ष किया।
उनका संदेश था ना किसी से डरो, ना किसी से नफरत करो।
मंत्री ने कहा कि टाना भगतों का संघर्ष और त्याग आज भी प्रेरणा का स्रोत है। सरकार उनके सामाजिक, आर्थिक और शैक्षणिक विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने आश्वासन दिया कि टाना भगत समाज कभी भूखे पेट नहीं रहेगा। और उनके बच्चे शिक्षा से वंचित नहीं होंगे। साथ ही कृषि, पशुपालन और सहकारिता विभाग की योजनाओं से टाना भगत समाज को जोड़ने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar



