अखंड कीर्तनी जत्था की जत्थेदार को ‘धर्म युद्ध मोर्चा' शुरू करने की अपील

भास्कर न्यूज | अमृतसर अखंड कीर्तनी जत्था इंटरनेशनल ने श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज्ज को पत्र भेजे। पत्र में पंजाब सरकार द्वारा जागत जोत श्री गुरु ग्रंथ साहिब सत्कार कानून में संशोधन करने से इंकार किए जाने के खिलाफ सिख समुदाय को धर्म युद्ध मोर्चा शुरू करने का आदेश देने की अपील की है। जत्था के प्रमुख सेवादार भाई सुखचैन सिंह ने कहा कि निकट भविष्य में होने वाली सिंह साहिबान की बैठक में इस संदर्भ में फरमान जारी किया जाए। उन्होंने कहा कि अगर पंजाब सरकार आवश्यक संशोधन नहीं करती है, तो श्री अकाल तख्त साहिब की अगुवाई और पांच प्यारों के नेतृत्व में सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल देना चाहिए। जब तक मुख्यमंत्री भगवंत मान अकाल तख्त साहिब के आदेशों को नहीं मानते, तब तक मोर्चे के तहत प्रतिदिन जेल भरो आंदोलन चलाकर शांतिपूर्वक जत्थे जेल भेजे जाने चाहिए। भाई सुखचैन सिंह ने कहा कि बंदी सिखों की रिहाई करवाने का भी एकमात्र तरीका जेल भरो आंदोलन और मोर्चा खोलना ही है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र व राज्य सरकार जानबूझकर भाई बलवंत सिंह राजोआना की फांसी की सजा को उम्रकैद में तब्दील नहीं कर रही है। सरकारों की भेदभावपूर्ण नीति पर रोष जताते हुए उन्होंने कहा कि एक तरफ सिरसा डेरा प्रमुख गुरमीत राम रहीम को एक साल में ही चार-पांच बार पैरोल पर रिहा किया जा चुका है, लेकिन दूसरी तरफ भाई जगतार सिंह हवारा व अन्यों को अपने बीमार पिता का हालचाल पूछने के लिए चंद दिनों के लिए भी जमानत या पैरोल नहीं दी जा रही है। इससे साफ है कि केंद्र सिखों के साथ भेदभावपूर्ण नीति अपनाए हुए है।

   

सम्बंधित खबर