फरीदकोट मॉडर्न जेल में फिर मिले 4 मोबाइल:टीम ने बैरकों में चलाया सर्च अभियान, कैदी-हवालाती नामजद; प्रोडक्शन वारंट पर लाकर होगी पूछताछ

फरीदकोट केंद्रीय मॉडर्न जेल से एक बार फिर मोबाइल फोन बरामद होने का मामला सामने आया है। जेल प्रशासन द्वारा बैरकों की तलाशी के दौरान 4 मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। इस संबंध में जेल प्रशासन की शिकायत पर थाना सिटी फरीदकोट पुलिस ने दो कैदियों और दो हवालातियों के खिलाफ जेल एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस को भेजी शिकायत में जेल के सहायक अधीक्षक गुरचरण सिंह ने बताया कि जेल अधीक्षक के दिशा-निर्देशों पर जेल प्रशासन द्वारा समय-समय पर बैरकों का विशेष निरीक्षण और तलाशी अभियान चलाया जाता है। इसी क्रम में सोमवार रात को विभिन्न बैरकों की तलाशी ली गई। सभी आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज तलाशी के दौरान मोगा निवासी कैदी गुरदीप सिंह, फाजिल्का निवासी सुरजीत सिंह, तथा हवालाती फाजिल्का निवासी राज सिंह और अरविंद सिंह के कब्जे से कुल चार मोबाइल फोन बरामद किए गए। शिकायत के आधार पर थाना सिटी फरीदकोट पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रोडक्शन वारंट पर लाकर पूछताछ की जाएगी इस संबंध में जेल इन्वेस्टिगेशन सेल के इंचार्ज एएसआई गुरलाल सिंह ने बताया कि नामजद कैदियों और हवालातियों को प्रोडक्शन वारंट पर लाकर पूछताछ की जाएगी। जांच का मुख्य उद्देश्य यह पता लगाना है कि बरामद मोबाइल फोन जेल के अंदर किस माध्यम और किन व्यक्तियों की मदद से पहुंचे। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।

   

सम्बंधित खबर