भास्कर न्यूज | जालंधर शहर के भार्गव कैंप इलाके में नशे के कारण एक युवक की दर्दनाक मौत का मामला सामने आया है। मंगलवार सुबह इलाके में सड़क किनारे संदिग्ध परिस्थितियों में युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। इस घटना ने एक तरफ शहर में फैल रहे नशे के जाल और दूसरी तरफ पुलिस की लचर कार्यप्रणाली की पोल खोल दी है। इलाका निवासी सन्नी ने बताया कि वह सुबह बच्चों के साथ ग्राउंड की तरफ जा रहे थे। घर से बाहर निकलते ही उनकी नजर सड़क किनारे पड़ी एक लाश पर गई। मौके के हालात देखकर साफ प्रतीत हो रहा है कि युवक की जान नशे की वजह से गई है। स्थानीय लोगों ने आशंका जताई है कि युवक ने कहीं और नशा किया होगा और मौत होने के बाद किसी ने उसे यहां लाकर फेंक दिया। शव की स्थिति बता रही थी कि उसे जमीन पर घसीटा गया है। इस संवेदनशील मामले में पुलिस का बेहद गैर-जिम्मेदाराना रवैया उजागर हुआ है। लोगों का स्पष्ट कहना है कि उन्होंने सुबह 5:30 बजे ही पुलिस कंट्रोल रूम को शव पड़े होने की सूचना दे दी थी, लेकिन हैरानी की बात है कि पुलिस पूरे 4 घंटे की देरी के बाद घटनास्थल पर पहुंची। खाकी की इस भारी लापरवाही को लेकर इलाकावासियों में कड़ा रोष है। फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की जांच शुरू कर दी है।

