रेलवे स्टेशन पर व्यापारी का गिरा मोबाइल, आरोपी ने सिम दूसरे फोन में डालकर उड़ाए 3.42 लाख रु.
- DSS Admin
- May 09, 2026
रेलवे स्टेशन के बाहर मोबाइल फोन गिरना उत्तर प्रदेश के एक व्यापारी को भारी पड़ गया। अज्ञात आरोपी ने मोबाइल हाथ लगते ही उसका सिम दूसरे फोन में डालकर बैंक खाते से 3.42 लाख रुपए निकाल लिए। मामले में उत्तर प्रदेश पुलिस ने जीरो एफआईआर दर्ज कर केस लुधियाना पुलिस को ट्रांसफर कर दिया है। अब थाना डिवीजन-1 पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।पीड़ित व्यापारी चमनलाल यादव, निवासी जिला संत कबीर नगर (उत्तर प्रदेश), ने बताया कि वह कपड़ों का कारोबार करते हैं और माल खरीदने के सिलसिले में अक्सर लुधियाना आते रहते हैं। 16 मार्च को वह खलीलाबाद जाने के लिए लुधियाना रेलवे स्टेशन पहुंचे थे। स्टेशन के बाहर ऑटो से उतरते समय उनकी जेब से फोन गिर गया। ट्रेन रवाना होने के बाद जब जेब में हाथ डाला तो मोबाइल गायब मिला। घर पहुंचने के बाद उन्होंने उसी नंबर का नया सिम निकलवाया। इस दौरान मोबाइल पर कई बैंक संबंधी संदेश आए, लेकिन ध्यान नहीं दिया। बाद में बैंक पहुंचने पर पता चला कि खाते से ऑनलाइन माध्यम से 3.42 लाख रुपए ट्रांसफर किए जा चुके हैं। जांच में सामने आया कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने गिरा मोबाइल उठाकर सिम दूसरे फोन में इस्तेमाल किया और खाते से रकम निकाल ली। थाना बखीरा पुलिस ने आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर केस लुधियाना भेज दिया। जांच अधिकारी परमवीर सिंह ने बताया कि व्यापारी को बुलाकर कार्रवाई की जाएगी। मुकेश चौधरी, साइबर सुरक्षा जानकार मोबाइल फोन आज बैंकिंग, यूपीआई और निजी जानकारी का बड़ा माध्यम बन चुका है। ऐसे में फोन गुम होने पर लापरवाही भारी पड़ सकती है। मोबाइल खोते ही सबसे पहले सिम कार्ड बंद करवाना चाहिए और सभी बैंक खातों व यूपीआई सेवाओं को तुरंत ब्लॉक कर देना चाहिए। साथ ही बैंक हेल्पलाइन, साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 और नजदीकी पुलिस थाने में शिकायत दर्ज करवानी जरूरी है। मोबाइल में मजबूत पासवर्ड, स्क्रीन लॉक और फिंगरप्रिंट सुरक्षा का इस्तेमाल करना चाहिए। ओटीपी, एटीएम पिन और बैंकिंग पासवर्ड मोबाइल में सेव नहीं रखने चाहिए।

