हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के लुधियाना पहुंचने पर भाजपा संगठन में खासा उत्साह देखने को मिला। मुख्यमंत्री ने भाजपा पंजाब के प्रदेश कोषाध्यक्ष गुरदेव शर्मा देबी के कार्यालय में पहुंचकर पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की तथा संगठन को मजबूत बनाने के लिए जमीनी स्तर पर सक्रियता बढ़ाने का संदेश दिया। मुख्यमंत्री के साथ भाजपा पंजाब के प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ सुभाष शर्मा और जिला अध्यक्ष रजनीश धीमान भी मौजूद रहे। बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद किया और कहा कि केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं उपलब्धियों को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना पार्टी की प्राथमिकता है। उन्होंने पदाधिकारियों से संगठनात्मक ढांचे को और मजबूत करने तथा बूथ स्तर तक जनसंपर्क बढ़ाने का आह्वान किया। बैठक में आगामी राजनीतिक गतिविधियों, संगठन विस्तार और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर भी चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर पार्टी की नीतियों को लोगों तक पहुंचाने का संदेश दिया। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश कोषाध्यक्ष गुरदेव शर्मा देबी ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनका मार्गदर्शन कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है।

