लुधियाना| जगराओं पुल के समीप स्थित श्री दुर्गा माता मंदिर प्रांगण में रविवार को श्री दुर्गा माता मंदिर ट्रस्ट द्वारा 305वें मासिक राशन वितरण समारोह का आयोजन किया गया। ट्रस्ट की परंपरा के अनुसार हर महीने के पहले रविवार को आयोजित होने वाले इस अभियान के तहत इस बार 130 जरूरतमंद व विधवा महिलाओं को सूखा राशन वितरित किया गया। इस अवसर पर विशेष रूप से मौजूद ट्रस्ट के सचिव अश्वनी जैन ने कहा कि समाज के असहाय और आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों की निरंतर सेवा करना ही ट्रस्ट का मुख्य संकल्प है। इस राहत कार्य को सुचारू रूप से संपन्न कराने में मैनेजर अशोक द्विवेदी, विजय अग्रवाल, राकेश मैनी और अविनाश सिक्का ने सक्रिय योगदान दिया।

