मोगा में 500 ग्राम हेरोइन समेत तस्कर गिरफ्तार:कार में कर रहा था सप्लाई, पुलिस रिमांड में पूछताछ से खुलेंगे राज

मोगा पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। कोटईसे खां पुलिस ने 8 जून को लाखों रुपए मूल्य की 500 ग्राम हेरोइन के साथ एक तस्कर को कार सहित गिरफ्तार किया है। आरोपी को अदालत में पेश कर दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। थाना कोटईसे खां की प्रभारी इंस्पेक्टर सुनीता रानी अपनी पुलिस पार्टी के साथ इलाके में गश्त कर रही थीं। इसी दौरान उन्हें गुप्त सूचना मिली कि गुरलाल सिंह, निवासी गांव जगतपुरा, तरनतारन, नशीले पदार्थों की तस्करी करता है और आज भी वह अपनी कार में भारी मात्रा में हेरोइन लेकर इलाके में घूम रहा है। सूचना मिलने पर पुलिस ने की कार्रवाई इस सूचना के आधार पर पुलिस पार्टी ने बताए गए स्थान पर छापेमारी की। पुलिस ने गुरलाल सिंह को उसकी कार सहित मौके से दबोच लिया। कार की तलाशी लेने पर उसमें से 500 ग्राम हेरोइन बरामद हुई, जिसकी कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है। आरोपी गुरलाल सिंह के खिलाफ थाना कोटईसे खां में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। इंस्पेक्टर सुनीता रानी ने बताया कि आरोपी को माननीय अदालत में पेश कर दो दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया है। पुलिस कथित तस्कर से पूछताछ कर रही है ताकि यह पता चल सके कि वह कब से इस धंधे में है और हेरोइन कहां से लाता है। इस पूछताछ से कई अहम खुलासे होने की संभावना है।

   

सम्बंधित खबर