हरकत में आया प्रशासन : मौतों के बाद हाईवे किनारे से अवैध ढाबों को हटाया

जोधपुर, 3 नवंंबर (हि.स.)। फलोदी में भारतमाला एक्सप्रेस-वे पर सडक़ हादसे में एक साथ हुई पंद्र‍ह मौतों के बाद प्रशासन ने कार्रवाई शुरू कर दी है। सोमवार को हाईवे किनारे से अवैध ढाबों को हटाया गया।

फलोदी में 15 श्रद्धालुओं की बलि लेने के बाद प्रशासन हरकत में आया। भारतमाला एक्सप्रेस वे के किनारे से अवैध ढाबों को हटाने का विशेष अभियान सोमवार को चलाया गया। बताया गया है कि हाईवे किनारे अवैध ढाबे खोले गए हैं। इन ढाबों पर खाना खाने के लिए ट्रक, ट्रेलर वाले रुकते हैं। हाईवे किनारे अपने भारी वाहनों को पार्क कर देते हैं, जिसकी वजह से हादसे होते रहते हैं।

रविवार को भी ढाबे के सामने खड़े ट्रेलर से टेम्पो ट्रेवलर टकराया था। स्थानीय लोगों के अनुसार इन ढाबों पर शराब, डोडा और अफीम जैसी नशीली वस्तुएं भी आसानी से उपलब्ध हो जाती है। हादसे के बाद आज सुबह से ही प्रशासन द्वारा इन सभी अवैध ढाबों को हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी गई। जनता ने मांग की है कि प्रशासन इन ढाबों के संचालकों पर सख्त कार्रवाई करे और भविष्य में इस तरह की दुर्घटनाओं से बचाव के लिए नियमित निगरानी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

   

सम्बंधित खबर