पंचकूला कोर्ट में फर्जी जमानती खड़ा कर ली जमानत:नशा तस्करी केस में महिला फरार; व्यक्ति बोला- उसने नहीं ली किसी की जमानत
- Admin Admin
- Nov 04, 2025
हरियाणा के पंचकूला में फर्जी जमानती बनकर आरोपी महिला को जमानत दिलाने का मामला सामने आया है। सेक्टर-7 थाना पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस अब फर्जी जमानती और उसकी पहचान कराने वाले व्यक्ति की तलाश में जुटी हुई है। 2021 में चूरा पोस्त बरामदगी से जुड़ा मामला जानकारी अनुसार, यह मामला साल 2021 का है, जब पंचकूला के रायपुर रानी थाना क्षेत्र के बहबलपुर गांव में एक पोल्ट्री फार्म के मुंशी के पास से एक क्विंटल चूरा पोस्त बरामद किया गया था। इस मामले में पुलिस ने मोहित और महिला बबली को आरोपी बनाया था। बाद में बबली की जमानत कोर्ट में मोहन सिंह नाम के व्यक्ति ने ली थी। जमानत के बाद गायब हुई आरोपी महिला जमानत पर बाहर आने के बाद बबली कोर्ट में पेश नहीं हुई। गैर-जमानती वारंट जारी होने के बावजूद वह पेश नहीं हुई, जिसके बाद कोर्ट ने जमानत देने वाले व्यक्ति को वारंट भेजे। मोहन बोला- कभी नहीं ली किसी की जमानत कोर्ट में पेश होकर मोहन सूद ने बताया कि उसने कभी किसी की जमानत नहीं ली। उसके नाम और दस्तावेजों का किसी ने फर्जी इस्तेमाल किया है। कोर्ट में बयान दर्ज होने के बाद न्यायालय ने बबली की जमानत लेने वाले अज्ञात व्यक्ति और उसकी पहचान कराने वाले के खिलाफ मामला दर्ज करने के आदेश दिए। कोर्ट के आदेश पर दर्ज हुआ मामला, जांच जारी सेक्टर-7 थाना पुलिस के जांच अधिकारी एएसआई अरविंद ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर आरोपियों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 406, 420, 465, 466, 467, 468, 471 और 120-बी के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और फर्जी जमानती की पहचान के प्रयास जारी हैं।



