बिहार विधानसभा : दूसरे चरण के 20 जिलों की 122 सीटों पर आज शाम चुनाव प्रचार थम जायेगा
- Admin Admin
- Nov 09, 2025
-,1302 उम्मीदवार है, चुनावी मैंदान में 1165 पुरष-136 महिला और एक थर्ड जेंडर
पटना, 09 नवम्बर (हि.स.)। बिहार विधानसभा चुनाव में दूसरे चरण के चुनावी प्रचार का शोर आज शाम पांच बजे थम जायेगा। दूसरे चरण में 20 जिलों की 122 विधानसभा सीटों पर मतदान आगामी 11 नवम्बर को होना है। दूसरे चरण में कुल 1,302 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं, जिनमें 1,165 पुरुष, 136 महिलाएं और एक थर्ड जेंडर उम्मीदवार भी शामिल हैं।
दूसरे चरण में 3.7 करोड़ के करीब मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। जिनमें 1.95 करोड़ पुरुष और 1.74 करोड़ महिलाएं शामिल हैं। चुनाव आयोग के आंकड़ों के अनुसार 6 नवंबर को हुए पहले चरण में करीब 64.66 प्रतिशत मतदान हुआ, जिसमें समस्तीपुर में सबसे ज्यादा रिकॉर्ड 71.74 प्रतिशत मतदान हुआ। राजधानी पटना में सबसे कम 59.02 प्रतिशत मतदान हुआ।
दूसरे चरण में पश्चिम एवं पूर्वी चंपारण, शिवहर, सीतामढ़ी, मधुबनी, सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार, भागलपुर, बांका, कैमूर, रोहतास, अरवल, जहानाबाद, औरंगाबाद, गया, नवादा एवं जमुई जिले में मतदान होगा।दूसरे चरण में क्षेत्रफल में सबसे छोटा भागलपुर विधानसभा क्षेत्र (23.887 वर्ग किमी) है तो सबसे बड़ा चैनपुर (1814.15 वर्ग किमी) वाला विधानसभा है। इसी तरह से सबसे कम 247574 मतदाता मखदुमपुर में हैं तो सबसे अधिक 367667 मतदाता हिसुआ विधानसभा क्षेत्र में हैं।
बिहार में दो चरणों में पहले चरण का मतदान 6 नवंबर को संपन्न हो चुका है जबकि दूसरे चरण की वोटिंग 11 नवंबर को होगी, नतीजे 14 नवंबर को आएंगे। 17 नवंबर को पहले चरण के नामांकन की आखिरी तारीख थी। दूसरे चरण के लिए नामांकन की अंतिम तारीख 20 अक्टूबर रही। पहले चरण का चुनावी शोर 4 नवंबर को थम गया था।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद चौधरी



