चंडीगढ़ PU में विदेशी छात्रों को लगातार तीसरे साल राहत:अंतरराष्ट्रीय दाखिलों को बढ़ावा देने की पहल, पुराने शुल्क पर ही मिलेगा एडमिशन
- DSS Admin
- Jun 09, 2026
चंडीगढ़ स्थित पंजाब यूनिवर्सिटी ने विदेशी छात्रों के लिए इस बार भी फीस में कोई बढ़ोतरी नहीं करने का फैसला लिया है। पिछले करीब तीन वर्षों से इंटरनेशनल स्टूडेंट्स की फीस में इजाफा नहीं किया गया है। यूनिवर्सिटी का उद्देश्य अधिक से अधिक विदेशी छात्रों को आकर्षित करना और अंतरराष्ट्रीय दाखिलों को बढ़ावा देना है। पीयू के विभिन्न शिक्षण संस्थानों में आईसीसीआर, सार्क और अंडर डिवेलप्ड देशों से छात्र पढ़ने आते हैं। आईसीसीआर के तहत पढ़ने वाले छात्रों को भारत सरकार की ओर से स्कॉलरशिप दी जाती है। वहीं सार्क और अंडर डिवेलप्ड देशों से आने वाले छात्रों के लिए यूनिवर्सिटी प्रबंधन ने फीस आधी कर रखी है। विदेशी छात्रों के लिए कुल 1135 सीटें पीयू में विदेशी छात्रों के लिए कुल 1135 सीटें निर्धारित हैं, जिन पर एनआरआई और विदेशी नागरिकों को दाखिला दिया जाता है। यूनिवर्सिटी प्रशासन के अनुसार, सत्र 2024-25 के लिए जो फीस ढांचा तय किया गया था, उसी के आधार पर इस वर्ष भी दाखिले किए जाएंगे। डीन इंटरनेशनल स्टूडेंट्स प्रो. कृष्ण मोहन ने बताया कि इस बार भी विदेशी और एनआरआई छात्रों के लिए फीस नहीं बढ़ाई गई है। वर्ष 2024-25 में तैयार किए गए प्रस्तावों और गाइडलाइन के अनुसार ही दाखिले होंगे। 2024 से पीयू ने लिया फैसला गौरतलब है कि सत्र 2024 से पीयू ने विदेशी छात्रों को बढ़ावा देने के लिए एंट्रेंस टेस्ट से छूट देने का फैसला किया था। साथ ही सार्क देशों से आने वाले छात्रों के लिए फीस में भी कमी की गई थी। इस बार भी फीस में कोई बदलाव नहीं किया गया है। सत्र 2024 के दौरान करीब 700 विदेशी छात्रों ने आवेदन किया था। इनमें अमेरिका, कनाडा, नेपाल, ईरान, बोत्सवाना, केन्या, मालावी, जिम्बाब्वे, नाइजीरिया और थाईलैंड समेत कई देशों के छात्र शामिल थे। यूनिवर्सिटी को उम्मीद है कि फीस स्थिर रखने के फैसले से इस वर्ष भी विदेशी छात्रों की संख्या में बढ़ोतरी होगी।

