पंजाब सचिवालय को बम से उड़ाने की धमकी:सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट, पहले भी मिल चुकि धमकियां, परिसर की तलाशी
- DSS Admin
- Jun 04, 2026
चंडीगढ़ स्थित पंजाब सचिवालय को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद वीरवार को सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया। सचिवालय के कंट्रोल रूम को एक धमकी भरा ई-मेल प्राप्त हुआ, जिसमें परिसर में बम होने की बात कही गई थी। सूचना मिलते ही पुलिस, बम निरोधक दस्ते और अन्य सुरक्षा एजेंसियों को तुरंत अलर्ट कर दिया गया। धमकी मिलने के बाद सचिवालय परिसर और आसपास के क्षेत्रों में तलाशी अभियान चलाया गया। सुरक्षा एजेंसियों ने भवन के अलग-अलग हिस्सों की गहन जांच की। हालांकि प्रारंभिक जांच के दौरान कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई। पुलिस और साइबर सेल की टीम ई-मेल की जांच में जुट गई है। ई-मेल किस आईडी से भेजा गया और इसके पीछे कौन लोग हैं, इसका पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पहले भी मिल चुकी हैं कई धमकियां पिछले कुछ महीनों के दौरान चंडीगढ़ और मोहाली के कई महत्वपूर्ण संस्थानों को बम से उड़ाने की धमकियां मिल चुकी हैं। इससे पहले शहर के कई स्कूलों, पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट, जिला अदालतों और पासपोर्ट कार्यालय को भी ई-मेल के जरिए बम की धमकी दी गई थी। हर मामले में पुलिस, बम निरोधक दस्ते और सुरक्षा एजेंसियों ने मौके पर पहुंचकर सर्च ऑपरेशन चलाया था, लेकिन जांच के दौरान कहीं भी कोई विस्फोटक या संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। अधिकांश मामलों में धमकियां अफवाह या शरारती तत्वों द्वारा भेजे गए संदेश साबित हुई।

