इटानगर, 09 जून (हि.स.)। अरुणाचल प्रदेश के अपर सियांग जिले के गेकू-मारियांग के विधायक ओनी पान्यांग के आवास पर सोमवार शाम बांध विरोधी प्रदर्शनकारियों के एक समूह ने कथित तौर पर हमला कर आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त कर दिया, यह घटना प्रस्तावित सियांग अपर बहुउद्देशीय परियोजना (एसयूएमपी) को लेकर चल रहे विवाद के बीच हुई।
सूत्रों के अनुसार, सियांग अपर बहुउद्देशीय परियोजना (एसयूएमपी) का विरोध कर रहे लगभग 500 प्रदर्शनकारियों ने विधायक के आवास के आसपास जमा हो गए और कथित तौर पर घर के कुछ हिस्सों में तोड़फोड़ की।
ये घटनाएं अपर सियांग जिले के गेकू में 110 परिवारों द्वारा एसयूएमपी की पूर्व-व्यवहार्यता रिपोर्ट (पीएफआर) तैयार करने के समर्थन में समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर करने के कुछ दिनों बाद हुईं। बांध विरोधी नाराज समर्थकों ने कथित तौर पर समझौते पर हस्ताक्षर करने वालों के कुछ लोगों के घरों में भी तोड़फोड़ की, जिनमें स्थानीय विधायक पान्यांग का घर भी शामिल है।
एसयूएमपी को लेकर क्षेत्र में तनाव बढ़ता जा रहा है। स्थानीय लोगों का मानना है कि सरकार आर्थिक लाभ का लालच देकर उन्हें विभाजित करने की कोशिश कर रही है।
माना जा रहा है कि यह घटना सियांग क्षेत्र में प्रस्तावित विशाल जलविद्युत परियोजना के प्रति बढ़ते जन विरोध और समर्थन का संकेत है।
इस संबंध में विधायक ओनी पान्यांग से संपर्क किया गया, लेकिन उन्होंने घटना पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। उन्होंने घटना की पुष्टि तो की, लेकिन किसी के हताहत होने या घायल होने की कोई रिपोर्ट नहीं दी।

