मोतिहारी विधानसभा में पुलिस ने की बड़ी कारवाई, 5 लाख 34 हजार नगद बरामद

पूर्वी चंपारण,9 नवंबर (हि.स.)। बिहार विधानसभा के दूसरे चरण के चुनाव के 36 घंटा पूर्व मोतिहारी पुलिस ने मोतिहारी विधानसभा क्षेत्र में बड़ी कारवाई की है।

गुप्त सूचना मिलने पर एसपी स्वर्ण प्रभात के निर्देेश पर छतौनी थाना की पुलिस,फ्लाइंग स्कॉड और आईटीबीपी की संयुक्त टीम ने छतौनी थाना क्षेत्र के मठिया डीह टोला में छापेमारी करते हुए मतदाताओं को लुभाने और वोट खरीदने के लिए रखी गई 5 लाख 34 हजार 300 सौ रूपये नकद बरामद किया है।

एसपी स्वर्ण प्रभात ने बताया कि उक्त कारवाई भयमुक्त और निष्पक्ष चुनाव कराने को लेकर पुलिस द्धारा चलाये जा रहे अभियान का हिस्सा है। जिसके तहत पुलिस और आईटीबीपी की संयुक्त टीम ने कृष्ण लाल राय पिता दरोगा राय निवासी मठिया डीह, के घर पर छापेमारी की। घर तलाशी के दौरान कुल 5 लाख 34 हज़ार 300 रुपये जब्त किए गए।

शुरुआती जांच में पुलिस को अंदेशा है कि यह कैश मतदाताओं तक पहुंचने वाला था, ताकि वोटों की खरीद-फरोख्त की जा सके। पुलिस अब पूरे नेटवर्क की छानबीन में लगी है कि पैसा कहाँ से आया? किसके लिए भेजा गया था? और किसके ज़रिए बांटा जाना था?

एसपी ने बताया कि इस अभियान के दौरान अवैध हथियार तस्कर, शराब माफिया, ड्रग तस्कर, जाली नोट गिरोह सभी के खिलाफ धर-पकड़ जारी है। पिछले दिनों में पिस्टल, कारबाइन, राइफल, मिनी गन फैक्ट्री, नकली नोट और अवैध शराब की बरामदगी के बाद यह बड़ी कार्रवाई की गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / आनंद कुमार

   

सम्बंधित खबर