हरिद्वार, 09 जून (हि.स.)। भगवानपुर पुलिस ने नाबालिग को बहला-फुसलाकर ले जाने वाले आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने बालिका को भी सकुशल बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया है।
पुलिस के अनुसार, 2 जून को एक व्यक्ति ने कोतवाली भगवानपुर में तहरीर देकर आरोप लगाया कि उसकी नाबालिग पुत्री को बहला-फुसलाकर ले जाया गया है। शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू की गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने लगातार प्रयास करते हुए आरोपित अजय पुत्र तीरथपाल निवासी ग्राम घसोती, थाना रामपुर मनिहारन, जनपद सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) को उसके गांव से हिरासत में ले लिया। साथ ही नाबालिग को भी सकुशल बरामद कर लिया गया। जांच के दौरान मामले में पॉक्सो अधिनियम की बढ़ोतरी की गई है। पुलिस ने आरोपित के विरुद्ध अग्रिम कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि नाबालिग से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता और गंभीरता के साथ कार्रवाई की जा रही है व ऐसे अपराधों में किसी भी आरोपित को बख्शा नहीं जाएगा।

