सरदार पटेल की 150वीं जयंती पर प्रशिक्षु आरक्षियों को राष्ट्रसेवा और नशामुक्ति का संदेश
- DSS Admin
- Jun 09, 2026
हरिद्वार, 09 जून (हि.स.)। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के द्विवार्षिक आयोजन के अवसर पर 40वीं वाहिनी पीएसी हरिद्वार में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे जवानों के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रशिक्षु आरक्षियों को सरदार पटेल के जीवन, राष्ट्र निर्माण में योगदान व राष्ट्रीय एकता के प्रति प्रतिबद्धता से अवगत कराया गया।
इस दौरान जवानों को गुजरात में स्थित सरदार पटेल को समर्पित विश्व की सबसे ऊंची 182 मीटर ऊंची प्रतिमा ‘स्टैच्यू ऑफ यूनिटी’ के बारे में जानकारी दी गई। वक्ताओं ने सरदार पटेल की दूरदर्शिता, नेतृत्व क्षमता और देश की अखंडता को मजबूत करने में उनकी ऐतिहासिक भूमिका को याद करते हुए प्रशिक्षुओं को राष्ट्र प्रथम और कर्तव्य सर्वोपरि की भावना से कार्य करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में प्रशिक्षु आरक्षियों को नेतृत्व, ईमानदारी, अनुशासन और एकजुटता के महत्व पर भी विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही नशे के विरुद्ध जागरूकता अभियान के तहत नशे के दुष्प्रभाव, नशा तस्करी की रोकथाम और इससे संबंधित कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी गई।
नशा मुक्त भारत के संकल्प को मजबूत करने के उद्देश्य से प्रशिक्षुओं को शपथ दिलाई गई तथा शिकायत एवं सूचना के लिए मानस पोर्टल 1933 की जानकारी भी साझा की गई। कार्यक्रम में क्षेत्राधिकारी ज्वालापुर, एएनटीएफ टीम, प्रतिसार निरीक्षक प्रशिक्षण, प्रशिक्षकगण तथा नवनियुक्त 230 प्रशिक्षु आरक्षी उपस्थित रहे।

