पराली जलाते पकड़े गये किसान से वसूला पांच हजार का जुर्माना
- Admin Admin
- Nov 03, 2025
लखीमपुर खीरी, 03 नवम्बर (हि.स.)। पराली जलाने की घटनाओं पर अब जिला प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में है। सोमवार को पराली जलाने वाले किसान पर पांच हजार रुपये का जुर्माना लगाया है।
जॉइंट मजिस्ट्रेट चलुवराजू आर ने बताया कि तहसील मोहम्मदी, ब्लॉक पसगवां के ग्राम उचौलिया में किसान मोसीन अली ने खेत में पराली जला दी। जमीन पर उठा धुआं सीधा सैटेलाइट तक जा पहुंचा। जैसे ही सैटेलाइट सिस्टम से पराली जलाने की सूचना मिली, उन्होंने तत्काल राजस्व और कृषि विभाग की टीम को मौके पर भेजा। जांच में तथ्य सही पाए गए। प्रशासन ने बिना देरी किए किसान के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए पांच हजार रुपये का जुर्माना वसूला। अगर दोबारा ऐसा करते हुए पाया गया तो उस पर तीन लाख की पाबंदी लगाने की चेतावनी दी है।
जॉइंट मजिस्ट्रेट चलुवराजू आर ने कहा कि सैटेलाइट से लगातार निगरानी की जा रही है। पराली जलाने की किसी भी घटना पर तत्काल कार्रवाई होगी। जुर्माना और पाबंदी के साथ अन्य कानूनी कदम भी उठाए जाएंगे। जिला प्रशासन ने स्पष्ट संदेश दिया है कि पराली जलाने वालों को किसी कीमत पर नहीं बख्शा जाएगा। हर ब्लॉक, हर गांव में निगरानी टीम सक्रिय है और फील्ड पर निरीक्षण जारी है।
डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल ने कहा है कि पराली जलाना न सिर्फ कानून का उल्लंघन है बल्कि पर्यावरण, मिट्टी और मानव स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा है। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे फसल अवशेष प्रबंधन तकनीक अपनाएं, ताकि मिट्टी की सेहत भी बनी रहे और हवा भी साफ रहे।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / देवनन्दन श्रीवास्तव



