जन्मदिन मनाने के लिया बुलाया, फिर युवक को लगाई आग, पांच आरोपित गिरफ्तार

मुंबई, 26 नवंबर (हि.स.)। मुंबई के कुर्ला स्थित कोहिनूर फेज 3 सोसाइटी में आधी रात एक 21 वर्षीय युवक को उसके जन्मदिन पर ही जिंदा जलाने की कोशिश में पांच आरोपितों को पुलिस ने बुधवार को गिरफ्तार किया है। इन पांचों आरोपितों को अदालत ने 29 नवंबर तक पुलिस कस्टडी में भेज दिया है। इस मामले की गहन छानबीन विनोबा भावे नगर पुलिस स्टेशन की टीम कर रही है।

घटना की छानबीन कर रहे पुलिस अधिकारी ने बुधवार को बताया कि पीड़ित अबुल रहमान मकसूद का जन्मदिन 25 नवंबर को था। अबुल के पांच दोस्तों ने उसे जन्मदिन मनाने के लिए कुर्ला के कोहिनूर फेज 3 सोसाइटी में मंगलवार को आधी रात के आसपास बुलाया था। जैसे ही मौके पर अबुल ने केक काटा, उसी समय उसके दोस्तों ने उस पर पत्थर और अंडे फेंके और फिर उस पर पेट्रोल छिड़क कर आग लगा दी। इस घटना में अबुल जब जल रहा था, उस समय उसके दोस्त नाच रहे थे। इस घटना के बाद उसके दोस्त मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से झुलसे अबुल को तत्काल राजावाड़ी अस्पताल में भर्ती करवाया, जहां उसका इलाज चल रहा है।

पुलिस ने सीसीटीवी की मदद से पांच आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। इन पांचों की पहचान अयाज मलिक, अशरफ मलिक, कासिम चौधरी, हुजैफा खान और शरीफ शेख के रुप में की गई है। सभी को विनोबा भावे नगर पुलिस स्टेशन की टीम ने न्यायालय में पेश किया और न्यायालय ने इन पांचों को 29 नवंबर तक कस्टडी में भेज दिया गया है। आगे की जांच जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

   

सम्बंधित खबर