बहादुरगढ़ के भाजपा नेताओं ने मुख्यमंत्री से मिलकर विकास कार्यों पर की चर्चा

झज्जर, 6 जून (हि.स.)। बहादुरगढ़ के भाजपा नेताओं ने शुक्रवार को दिल्ली स्थित हरियाणा भवन में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से मुलाकात कर हलके के विकास कार्यों को लेकर चर्चा की। मुख्यमंत्री ने उन्हें सभी मामलों पर गौर करने का आश्वासन दिया। बहादुरगढ़ के भाजपा नेता एवं विधानसभा संयोजक दिनेश कौशिक, नगर परिषद चेयरपर्सन सरोज राठी व पार्टी के पूर्व जिला अध्यक्ष राजपाल जांगड़ा दिल्ली स्थित हरियाणा भवन में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से मिले। दिनेश कौशिक ने बहादुरगढ़ विधानसभा क्षेत्र के विकास कार्यों के कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव मुख्यमंत्री के समक्ष रखे। इनमें उत्तरी बाईपास का मुद्दा भी शामिल रहा।कौशिक व नगर परिषद चेयरपर्सन सरोज राठी ने बहादुरगढ़ में विकास कार्यों व परियोजनाओं पर चल रहे काम की जानकारी मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को दी। दिनेश कौशिक ने बताया कि मुख्यमंत्री ने आश्वस्त किया है कि बहादुरगढ़ क्षेत्र के विकास में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी। बहादुरगढ़ सब्जी मंडी में आयोजित माता सावित्रीबाई फुले की जयंती पर रखी गई मांगों को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि अधिकतर मांगें पूरी हो चुकी हैं। जो रह गई हैं उन कार्यों की अधिकारियों के साथ मिलकर फीजिबिलिटी चेक करवाएं, ताकि उन पर भी जल्द से जल्द काम शुरू हो सके। दिनेश कौशिक ने कहा कि मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री से बहादुरगढ़ विधानसभा क्षेत्र में रैली के लिए समय मांगा गया है, जिस पर उन्होंने जल्द ही समय देने की बात कही है। दिनेश कौशिक के साथ नगर परिषद के पूर्व अध्यक्ष कर्मवीर राठी, चेयरपर्सन प्रतिनिधि रमेश राठी, मंडल भाजपा अध्यक्ष संजय सैनी, युवा नेता शेखर कौशिक, राम अहलावत व मुकेश कौशिक भी रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / शील भारद्वाज

   

सम्बंधित खबर