हिन्दवी स्वराज्य दिवस समारोह 09 जून को, छत्रपति शिवाजी भवन का होगा लोकार्पण

लखनऊ, 06 जून(हि.स.)। हिन्दीवी स्वराज्य दिवस समारोह के संयोजक संजय शुक्ला ने बताया कि आगामी नाै जून को अपराह्न तीन बजे से लखनऊ विश्वविद्यालय के मालवीय सभागार में हिन्दवी स्वराज्य दिवस समारोह का आयाेजन किया जाएगा। समारोह में मुख्य अतिथि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह होगें। समारोह में मुख्य वक्ता के रूप में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय कुटुम्ब प्रबोधन संयोजक रवीन्द्र जोशी उपस्थित रहेगें। वहीं समारोह की अध्यक्षता लखनऊ विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर आलोक कुमार राय करेगें।

समारोह संयोजक संजय शुक्ला ने शुक्रवार काे हिन्दुस्थान समाचार को बताया कि छत्रपति शिवाजी महाराज ने हिन्दवी स्वराज की स्थापना की थी। इसी दिवस पर हम प्रति वर्ष हिन्दवी स्वराज्य दिवस मनाते हैं। इस वर्ष भी लखनऊ विश्वविद्याालय में कर्मचारी सांस्कृतिक व क्रीड़ा परिषद ने छत्रपति शिवाजी महाराज के साम्राज्योत्सव ज्येष्ठ शुक्ल त्रयोदशी के अवसर पर हिन्दवी स्वराज्य दिवस समारोह का आयोजन किया है।

समारोह के दौरान भाजपा के महामंत्री संगठन धर्मपाल के कर कमलाें से मालवीय सभागार में छत्रपति शिवाजी भवन का लोकार्पण किया जाएगा। इसी भवन में उत्तर प्रदेश राज्य विश्वविद्यालय कर्मचारी महासंघ का मुख्यालय है। इस भवन से ही महासंघ की गतिविधियां चलती हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श.चन्द्र

   

सम्बंधित खबर