सिरसा: राहुल गांधी के आरोप राजनीतिक हताशा से प्रेरित: यतींद्र सिंह
- Admin Admin
- Nov 06, 2025
सिरसा, 6 नवंबर (हि.स.)। भाजपा के सिरसा जिलाध्यक्ष एडवोकेट यतींद्र सिंह ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा भारतीय जनता पार्टी और चुनाव आयोग पर लगाए गए आरोपों को निराधार, भ्रामक और राजनीतिक हताशा से प्रेरित बताया हैं। यतींद्र सिंह ने गुरुवार को जारी प्रेस बयान में कहा कि यह कांग्रेस पार्टी की पुरानी आदत बन चुकी है कि जब भी चुनाव में जनता उन्हें नकार देती है तो वे लोकतांत्रिक संस्थाओं की साख पर प्रश्नचिन्ह लगाने लगते हैं। एडवोकेट यतींद्र सिंह ने कहा कि कांग्रेस पार्टी की हार का कारण किसी प्रकार की वोट चोरी नहीं, बल्कि उसकी अपनी नीतिगत विफलता, गुटबाजी और भ्रमित नेतृत्व है।
भाजपा जिलाध्यक्ष ने कहा कि जनता अब कांग्रेस के झूठे वादों और दोहरे चरित्र को भलीभांति समझ चुकी है।
हर चुनाव के बाद राहुल गांधी अपनी हार स्वीकार करने के बजाय नए बहाने गढ़ते हैं। कभी ईवीएम पर सवाल उठाते हैं, कभी चुनाव आयोग को दोष देते हैं और अब वोट चोरी का नया बहाना बनाकर लोकतंत्र को बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं। यतींद्र सिंह कहा कि हरियाणा में भारतीय जनता पार्टी की विधानसभा चुनाव में हुई जीत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व की जीत है यह भारतीय जनता पार्टी की नीतियों की जीत है जिन्हें लोगों ने पसंद किया है, जबकि दूसरी तरफ हरियाणा में कांग्रेस की गुटबाजी किसी से छिपी नहीं है। पार्टी के नेता एक-दूसरे को नीचा दिखाने में लगे हुए हैं, जिसके कारण कांग्रेस पूरी तरह रसातल में पहुंच चुकी है।
अब राहुल गांधी को दूसरों पर आरोप लगाने की बजाय अपनी पार्टी की आंतरिक कमजोरियों और नेतृत्वहीनता पर गंभीर मंथन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि बिहार में होने वाले आगामी चुनावों से पहले ही राहुल गांधी तथा तथाकथित महागठबंधन अपनी संभावित हार से भयभीत हैं और पहले से ही बहाने बनाकर जनता को भ्रमित करने का प्रयास कर रहे हैं। यही दोहरा मापदंड उनकी राजनीतिक परिपक्वता पर प्रश्नचिह्न लगाता है। यतींद्र सिंह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी लोकतंत्र की मर्यादा और संस्थाओं की साख को सर्वोपरि मानती है। कांग्रेस पार्टी को निराधार आरोपों की राजनीति छोडक़ र लोकतंत्र की गरिमा बनाए रखने में योगदान देना चाहिए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma



