हिमाचल में सीजन की सबसे सर्द रात, लाहौल-स्पीति में पारा माइनस 5.5 डिग्री

शिमला, 6 नवंबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में बर्फबारी के बाद कड़ाके की ठंड पड़ रही है। बुधवार की रात इस सीजन की अब तक की सबसे सर्द रात रही। राज्य के ऊंचाई वाले इलाकों में पारा शून्य से कई डिग्री नीचे पहुंच गया है, जबकि मैदानी क्षेत्रों में आज सुबह घना कोहरा छाया रहा। लाहौल-स्पीति जिला का ताबो प्रदेश का सबसे ठंडा स्थान दर्ज किया गया, जहां न्यूनतम तापमान माइनस 5.5 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड हुआ, जो पिछले दिन से 3.3 डिग्री कम रहा।

मौसम विभाग के अनुसार लाहौल-स्पीति के मुख्यालय केलंग में न्यूनतम तापमान माइनस 3.2 डिग्री और कुकुमसेरी में माइनस 2.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। किन्नौर जिला के कल्पा में न्यूनतम तापमान 0.2 डिग्री, रिकांगपिओ में 4.1 डिग्री और शिमला के नारकंडा में 4.9 डिग्री सेल्सियस रहा। राज्य का औसतन न्यूनतम तापमान सामान्य से 0.7 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया, जिससे पहाड़ी क्षेत्रों में कड़ाके की ठंड बढ़ गई है।

राज्य के अन्य प्रमुख स्थानों में भी ठंड का असर देखा गया। मनाली में न्यूनतम तापमान 5.9 डिग्री, शिमला में 8.4 डिग्री, सुंदरनगर में 9.6 डिग्री, भुंतर में 7.1 डिग्री, धर्मशाला में 10.4 डिग्री, ऊना में 11.7 डिग्री, नाहन में 12.6 डिग्री, सोलन में 7.6 डिग्री, कुफ़री में 6.7 डिग्री, भरमौर में 6.1 डिग्री, सियोबाग में 6.5 डिग्री और हमीरपुर में 9.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम विभाग के अनुसार बीती रात लाहौल-स्पीति, किन्नौर और अन्य ऊंचाई वाले इलाकों में हल्का हिमपात हुआ है। वहीं, मैदानी क्षेत्रों बिलासपुर और सुंदरनगर में गुरुवार सुबह घना कोहरा छाया रहा, जिससे दृश्यता घटकर 100 मीटर तक रह गई और वाहन चालकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

विभाग के मुताबिक आगामी 12 नवम्बर तक हिमाचल में मौसम शुष्क और साफ बना रहेगा। हालांकि, सुबह और शाम के समय ठंड में और इजाफा होने की संभावना जताई गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

   

सम्बंधित खबर