पंचकूला में विदेश भेजने का झांसा देकर 6 लाख ठगे:बाप-बेटे को 2-3 लाख महीना सैलरी बताई; मोहाली का एजेंट पत्नी के साथ गायब
- Admin Admin
- Nov 04, 2025
हरियाणा के पंचकूला में एक इमिग्रेशन एजेंट दंपती ने पिता-पुत्र को अमेरिका भेजने का झांसा देकर 6 लाख रुपए की ठगी कर ली। पीड़ित की शिकायत पर पिंजौर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपियों ने नौकरी और ऊंची सैलरी का लालच देकर रकम हड़प ली और बाद में संपर्क तोड़ दिया। पंचकूला के जोहलूवाल गांव निवासी गुरविंदर सिंह ने बताया कि नवंबर 2023 में करनपुर गांव के सुखविंदर के माध्यम से पंजाब के मोहाली निवासी पंकज से मुलाकात हुई। पंकज मूल रूप से पटियाला के राजपुरा स्थित विकास नगर का रहने वाला है। उसने खुद को इमिग्रेशन एजेंट बताया और कहा कि वह अपनी पत्नी पूजा के साथ “वीजा हब” नाम से विदेश भेजने का ऑफिस चलाता है। पंकज ने अपनी पत्नी के दुबई नंबर से संदेश भेजकर भरोसा भी दिलाया। अमेरिका में नौकरी का लालच देकर फंसाया गुरविंदर सिंह के अनुसार, पंकज ने बताया कि अमेरिका में बुजुर्गों की देखभाल करने वालों की जरूरत है और वह उन्हें तथा उनके बेटे को वहां नौकरी दिला सकता है। उसने दावा किया कि इस नौकरी से हर महीने 2 से 3 लाख रुपए की सैलरी मिलेगी। बार-बार मना करने के बावजूद पंकज लगातार उन्हें लालच देता रहा और कहा कि यह सुनहरा मौका है जिससे उनकी जिंदगी बदल जाएगी। एडवांस में लिए 6 लाख रुपए पंकज ने कहा कि काम शुरू करने से पहले 10 लाख रुपए एडवांस देने होंगे और बाकी रकम नौकरी लगने के बाद सैलरी से काट ली जाएगी। विश्वास दिलाने के लिए उसने अपना आधार कार्ड भी भेजा। शुरुआत में उसने 3 लाख रुपए लिए और बाद में आवेदन की पुष्टि की प्रति भेजी, जिसमें 19 जनवरी 2024 की तारीख दर्ज थी। इसके बाद उसने दोबारा 3 लाख रुपये और ले लिए। पैसे लेकर गायब हुआ एजेंट दंपती गुरविंदर सिंह ने बताया कि रकम लेने के बाद पंकज और उसकी पत्नी पूजा ने संपर्क बंद कर दिया। जब उनसे बार-बार काम की स्थिति पूछी गई तो उन्होंने कहा कि अब काम नहीं हो पाएगा और पैसे वापस कर देंगे। लेकिन एक साल बीत जाने के बाद भी न तो पैसे लौटाए गए और न ही कोई जवाब मिला। पीड़ित ने आरोप लगाया कि दोनों पति-पत्नी ने मिलकर उनके साथ धोखाधड़ी की है। पुलिस ने शुरू की जांच पिंजौर थाना पुलिस ने गुरविंदर सिंह की शिकायत पर पंकज और उसकी पत्नी पूजा के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।



