राष्ट्रपति के आगमन से 4 घंटे पहले ही लागू हुए यात्रा प्रतिबंध, लोग पैदल चलने को हुए मजबूर
- Admin Admin
- Nov 03, 2025
नैनीताल, 3 नवंबर (हि.स.)। सोमवार को राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू के प्रथम बार नैनीताल आगमन पर प्रशासन कुछ अधिक ही सतर्क नजर आया। राष्ट्रपति के अपरान्ह सवा चार बजे नैनीताल पहुंचने के कार्यक्रम से लगभग 4 घंटे पहले यानी दोपहर 12.30बजे से नगर की माल रोड पर ई-रिक्शों का संचालन बंद कर दिया गया और अन्य वाहनों पर भी सख्ती बरतनी प्रारंभ कर दी गयी। सड़क किनारे वाहनों के खड़े होने पर भी प्रतिबंध लगा दिया गया।
ऐसे में नगर में दोपहर से जनजीवन प्रभावित हो गया। नगर वासियों ने स्वयं भी आवाजाही सीमित कर ली, अथवा अपने गन्तव्यों के लिये पैदल चलने को मजबूर हुए। लोगों ने निकटवर्ती भवाली व हल्द्वानी की ओर आना-जाना भी आज सीमित रखा। इन मार्गों पर रोडवेज की बसें व अन्य वाहन भी कम संख्या में चले। अपराह्न में 3 बजे से नैनीताल-हल्द्वानी राष्ट्रीय राजमार्ग को ‘जीरो जोन’ घोषित करते हुए हर तरह के वाहनों को प्रतिबंधित कर दिया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. नवीन चन्द्र जोशी



