चेकिंग के दौरान बाइक से बरामद हुआ लोडेड देसी पिस्तौल, प्राथमिकी दर्ज
- Admin Admin
- Dec 03, 2025

रामगढ़, 3 दिसंबर (हि.स.)। पुलिस की सक्रियता से एक आपराधिक प्रवृत्ति के युवक के पास से लोडेड देसी पिस्तौल बरामद हुआ है। बुधवार को सदर थाना प्रभारी नवीन प्रकाश पांडे ने बताया कि नई सराय चौक पर एंटी क्राइम चेकिंग अभियान चलाया गया था। इस दौरान एक बाइक सवार को पुलिस ने रोका और जब ड्राइविंग लाइसेंस और बाइक के कागजात मांगा गया उसने घर से लाने की बात कही। पुलिस ने उस युवक की तस्वीर बाइक के साथ खींची और उसे दस्तावेज लाने के लिए भेज दिया। लगभग 5 घंटे बीत जाने के बाद भी वह युवक वापस नहीं लौटा। पुलिस ने जब गाड़ी की तलाशी ली तो डिक्की से लोडेड देसी पिस्तौल बरामद हुआ। देसी पिस्तौल में एक कारतूस लोड था।
मामले में पुलिस अवर निरीक्षक मनोज कुमार के बयान पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। एंटी क्राइम चेकिंग के दौरान रोके गए हीरो होंडा ग्लैमर बाइक जेएच 11 एस 4198 पर एक ही युवक ही सवार था। ब्लैक जैकेट पहना हुआ युवक अपना घर आसपास होने की बात कर रहा था। लेकिन पुलिस ने जब उसकी तस्वीर खींची तब वह सकपका गया, लेकिन तब किसी को भी इस बात का अंदेशा नहीं था कि वह हथियार लेकर कहीं जा रहा है। इस मामले में जब गाड़ी नंबर और इंजन नंबर मिलाया गया तो वह सही पाया गया। बाइक चलाने वाला और उसके मालिक दोनों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश



