जनता त्रस्त, सरकार जश्न में मस्त : त्रिलोक कपूर
- Admin Admin
- Dec 09, 2025
धर्मशाला, 09 दिसंबर (हि.स.)। प्रदेश भाजपा के वरिष्ठ प्रवक्ता त्रिलोक कपूर ने कहा कि प्रदेश की जनता आज अपने अधिकारों और सुविधाओं के लिए त्रस्त है, लेकिन कांग्रेस सरकार 11 दिसंबर को “जन-पतन के तीन साल के पतन” का जश्न मनाने जा रही है। मंगलवार को जारी एक प्रेस बयान में उन्होंने कहा कि कांग्रेस आलाकमान को भी यह भली-भांति पता है कि हिमाचल में आज दुःख की सरकार चल रही है, इसी कारण कांग्रेस के राष्ट्रीय नेता भी इस तथाकथित जश्न में आने से कन्नी काट रहे हैं। यह साफ दर्शाता है कि कांग्रेस का केंद्रीय नेतृत्व भी अपनी हिमाचल सरकार की पूर्ण विफलता को स्वीकार कर चुका है।
त्रिलोक कपूर ने कहा कि कांग्रेस सरकार अपनी तीन वर्षों की विफलताओं पर पर्दा डालने के लिए जश्न का नाटक कर रही है, जबकि सच्चाई यह है कि प्रदेश की जीवनरेखा माने जाने वाले हिमाचल पथ परिवहन निगम को सरकार ने गर्त में धकेल दिया है। एचआरटीसी का कुल घाटा 2200 करोड़ के पार पहुंच चुका है। नौ हजार से अधिक पेंशनरों का 500 करोड़ से ज्यादा का भुगतान लंबित पड़ा है। कर्मचारी अपने चिकित्सा बिलों के भुगतान के लिए भटक रहे हैं, वहीं दुर्घटना पीड़ितों को समय पर मुआवजा नहीं मिल पा रहा। इसके बावजूद एचआरटीसी का जहाज हर महीने लगभग 70 करोड़ के घाटे में डूबता जा रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसे हालात में सरकार द्वारा जश्न मनाना वित्तीय पाखंड और संवेदनहीनता की पराकाष्ठा है।
रैली के लिए 1500 बसों की अवैध बुकिंग
भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने 11 दिसंबर की रैली के लिए करीब 1500 बसों की बुकिंग कर एचआरटीसी को और अधिक आर्थिक संकट में धकेल दिया है। सरकार इन बसों को मुफ्त या नाममात्र किराए पर रैली में झोंक रही है। यह सवाल उठना स्वाभाविक है कि जिस सरकार के पास पेंशनरों के भत्ते, कर्मचारियों के मेडिकल बिल और दुर्घटना पीड़ितों के मुआवजे के लिए धन नहीं है, वह इन बसों के किराए का भुगतान आखिर कब और कैसे करेगी? यह सीधा हमला उस आम जनता की सुविधा पर है, जो रोजमर्रा के जीवन में एचआरटीसी की बसों पर निर्भर है।
त्रिलोक कपूर ने कहा कि 11 दिसंबर को होने वाले इस तथाकथित जश्न के कारण प्रदेश के लगभग 50 प्रतिशत बस रूट यानी करीब 1500 रूट सीधे तौर पर प्रभावित होंगे। दूर-दराज के क्षेत्रों में रहने वाले आम नागरिक, छात्र, कर्मचारी, मरीज और मजदूर सबसे अधिक परेशान होंगे। निजी क्षेत्र में कार्यरत हजारों लोग समय पर कार्यालय नहीं पहुंच पाएंगे, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ेगा। सबसे बड़ी विडंबना यह है कि हजारों यात्रियों ने पहले से ही ऑनलाइन टिकट बुक करवा रखे हैं। अब उन्हें अंतिम समय में यात्रा रद्द होने, धन की बर्बादी और भारी अव्यवस्था का सामना करना पड़ेगा।
भाजपा प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार रैली को सफल दिखाने के लिए लाभार्थियों की संख्या बढ़ाने का दबाव बना रही है। सरकार के मंत्री स्वयं प्रभारी बनकर लाभार्थियों पर रैली में पहुंचने का दवाब डाल रहे हैं। यह लोकतंत्र का खुला अपमान है और सरकारी मशीनरी का घोर दुरुपयोग है। त्रिलोक कपूर ने कहा कि भाजपा इस जन-विरोधी फैसले का सड़कों से लेकर सदन तक पुरजोर विरोध करेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया



